देश

नहीं रहे भंवर लाल शर्मा: 7 बार रहे MLA, 'जोड़-तोड़' में थे खिलाड़ी, ऐसा रहा सियासी सफर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 9, 2022, 07:12 PM IST

भंवर लाल शर्मा का जन्म 17 अप्रैल, 1945 को राजस्थान के चुरू जिले के सरदारशहर के जैतसीसर गांव में हुआ था। भंवर लाल शर्मा ने 17 साल की उम्र में राजनीति में कदम रखा था। जिसके बाद इन्होंने राजनीति में एक अलग ही मुकाम बनाया। इन्हें पायलट गुट का वरिष्ठ नेता माना जाता था।

Image

कांग्रेस नेता भंवर लाल शर्मा का निधन (फोटो- फेसबुक)

राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भंवर लाल शर्मा का रविवार को जयपुर में 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शनिवार को उन्हें बेचैनी की शिकायत के बाद एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके पार्थिव शरीर को हनुमान नगर स्थित उनके आवास पर ले जाया गया है। लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए इसे विद्याधर नगर ब्राह्मण महासभा भवन में रखा जाएगा। अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर सरदारशहर में किया जाएगा।

ऐसा रहा सियासी सफर

भंवर लाल शर्मा का जन्म 17 अप्रैल, 1945 को राजस्थान के चुरू जिले के सरदारशहर के जैतसीसर गांव में हुआ था। भंवर लाल शर्मा ने 17 साल की उम्र में राजनीति में कदम रखा था। 1962 में वे जैतसीसर ग्राम पंचायत के सरपंच बने। वह 1962 से 1982 तक सरपंच रहे। 1982 में वे सरदारशहर पंचायत समिति के प्रमुख चुने गए।

भंवर लाल शर्मा ने 1985 में अपना पहला राजस्थान विधानसभा चुनाव लोक दल से लड़ा और विधायक बने। इसके बाद वह जनता पार्टी में शामिल हो गए। वह 1990 में दूसरी बार विधायक बनने में सफल रहे। उन्हें राजस्थान में इंदिरा गांधी नहर परियोजना मंत्री बनाया गया था। उन्होंने 1996 में राजस्थान विधानसभा उपचुनाव भी जीता। वह 1998, 2003, 2013 और 2018 के चुनावों में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने।

पायलट गुट के वरिष्ठ नेता

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जब 2020 विद्रोह किया तो भंवर लाल शर्मा पायलट के साथ थे। इस विद्रोह में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी और पायलट को सीएम बनाने की चाह रखने वाले नेताओं में से ये भी एक थे। शर्मा अपने बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। यही कारण रहा कि कांग्रेस छोड़ किसी भी पार्टी में वो ज्यादा समय तक नहीं टिके। इन्हें जोड़-तोड़ का भी माहिर खिलाड़ी माना जाता था, कई बार सरकार के फंसने पर आगे आकर उसे बचा भी ले जाते थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article