देश

नहीं थमी है आस...गहलोत के मंत्री की पायलट के लिए तरफदारी, कहा: राहुल-प्रियंका के बाद सचिन का है नंबर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 12, 2022, 11:08 AM IST

हाल ही में राजस्थान कांग्रेस में बड़ा विद्रोह देखने को मिला था, जब अशोक गहलोत खेमे के विधायकों ने सचिन पायलट का विरोध करते हुए इस्तीफा दे दिया था। ऐसा कहा जा रहा था कि कांग्रेस नेतृत्व अशोक गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष और सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाना चाह रहा था।

Image

एक कार्यक्रम के दौरान सचिन पायलट और राहुल गांधी

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • राजस्थान कांग्रेस में जारी है अभी भी रस्साकशी
  • पायलट गुट और गहलोत गुट के बीच विवाद जारी
  • हाल ही में सीएम बनते-बनते रहे गए थे सचिन पायलट

राजस्थान में सीएम की कुर्सी का मामला भले ही ठंडा दिख रहा हो, लेकिन पायलट गुट की आस अभी भी खत्म होती नहीं दिख रही है। अशोक गहलोत सरकार में शामिल पायलट गुट के मंत्री लगातार सचिन पायलट के लिए तरफदारी करते दिख रहे हैं। राजस्थान के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने दावा किया है कि कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बाद, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पार्टी के मुख्य नेता हैं। इन दोनों नेताओं के बाद पायलट की जनता में काफी लोकप्रियता है, यही कारण है कि वो मुख्य भीड़ खींचने वाले नेता बने हुए हैं।

राजेंद्र गुढ़ा अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री हैं। गुढ़ा ने पायलट की तरफदारी करते हुए कहा-"राहुल और प्रियंका के बाद, सचिन पायलट हैं जो भीड़ खींचते हैं, लोगों को आकर्षित करते हैं।"

राजेंद्र गुढ़ा को पहले अशोक गहलोत का वफादार माना जाता था, लेकिन हाल के दिनों में वो सचिन पायलट के समर्थन में खुलकर बोल रहे हैं। इससे पहले राजस्थान में राजनीतिक संकट से पहले गुढ़ा ही वो शख्स थे, जिन्होंने राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में पायलट के नाम पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि सभी विधायक सचिन पायलट के साथ हैं।

बता दें कि राजेंद्र गुढ़ा उन छह बसपा विधायकों में से एक हैं, जिन्होंने 2018 में राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद राजस्थान में गहलोत सरकार का समर्थन करने का फैसला किया था। तब गहलोत ही उन्हें कांग्रेस में लेकर आए थे। जुलाई 2020 में जब पायलट ने 18 पार्टी विधायकों के साथ गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह कर दिया था, तब गुढ़ा गहलोत के साथ थे और सरकार बचाने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article