राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक लड़की से बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके साथ छेड़खानी और मारपीट के दौरान कपड़े भी फाड़ दिए गए। मामला जब सामने आया तो छात्रावास में रहने वाली बाकी स्टूडेंट्स का गुस्सा मनचलों के खिलाफ फूट पड़ा।
शनिवार (आठ अक्टूबर, 2022) को देर रात सरकारी हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने बारिश के बीच विरोध प्रदर्शन किया। दरअसल, पीड़िता के साथ बदसलूकी हुई थी, जिसमें वह चोटिल हो गई थी। आरोप है कि उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की गई। कथित तौर पर पीड़िता के कपड़े भी फाड़ दिए और इस दौरान वह चोटिल भी हो गई।
लड़कियों के विरोध प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो भी टीवी के जरिए सामने आए, जिनमें प्रशासन ने उन्हें सड़क से हटाने के प्रयास किए, पर वे अडिग रहीं। टस से मस न हुईं। बारिश में भीगते हुए वे नारेबाजी और एक्शन की मांग करती दिखीं। उनके इस प्रदर्शन की वजह से बारिश के बीच जाम की नौबत भी बन गई थी। प्रदर्शन करने वाली लड़कियां प्रेम नगर इलाके के एक छात्रावास की हैं।
रोचक बात यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे वक्त पर सामने आया है, जब करीब 16 घंटे पहले सीएम ने महिला सुरक्षा पर बयान दिया था। उनका दावा था कि अपराधों की दृष्टि से सूबा पहले पायदान पर नहीं है और महिलाएं वहां सुरक्षित हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे कि क्या सीएम गहलोत के नेतृत्व वाले कांग्रेस शासित सूबे में महिलाएं सुरक्षित नहीं है?
