देश

सोनम रघुवंशी को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड, पटना लेकर पहुंची पुलिस, अब मेघालय पुलिस के हवाले जांच

मेघालय पुलिस की एक टीम सोमवार शाम गाजीपुर पहुंची, जहां राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी उसकी पत्नी सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस थाना के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

Image

सोनम को ट्रांजिट रिमांड पर भेजा

Sonam Raghuvanshi In Transit Remand: राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी की ट्रांजिट रिमांड की अनुमति के लिए देर रात गाजीपुर की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सूत्रों के मुताबिक, सोनम को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली है। मेघालय पुलिस अब उसे लेकर शिलांग जाएगी। अदालती कार्यवाही देर रात तक जारी थी। वहीं, मेघालय के शिलांग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड से संबंधित एक संदिग्ध आरोपी को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है।

गाजीपुर पहुंची थी मेघालय पुलिस

मेघालय पुलिस की एक टीम सोमवार शाम गाजीपुर पहुंची, जहां राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी उसकी पत्नी सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस थाना के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मुश्ताक अहमद ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे मेघालय पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से जिले के महरौनी क्षेत्र स्थित चौकी गांव में आकाश राजपूत नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उससे राजा रघुवंशी हत्याकांड के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जानिए अब तक का अपडेट -

सोनम को पटना के फुलवारी शरीफ थाने लाया गया : सोनम को पटना के फुलवारी शरीफ थाने लाया गया है। फुलवारी शरीफ लाने के दौरान उसे लगातार लोकेशन भी पूछे जा रहे थे। बीच में सोनम को खाने के लिए भी पूछा गया लेकिन सोनम ने मना कर दिया। यूपी पुलिस, बिहार पुलिस के साथ थी और उसे पटना के फुलवारी शरीफ लाया गया है और यहां रखा गया है। आगे पुलिस क्या कार्रवाई करती है अभी तक पुलिस ने नहीं बताया है। लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि उसे अभी फिलहाल आराम करने के लिए कहा गया है। यहां लाने के दौरान सोनम के साथ मेघालय पुलिस के चार कर्मी भी थे।
पटना के फुलवारी शरीफ थाने में सोनम रघुवंशी

पटना के फुलवारी शरीफ थाने में सोनम रघुवंशी

राज कुशवाह की बहन बोली, मेरा भाई निर्दोष

मुख्य आरोपी राज कुशवाह की बहन ने कहा, "विक्की और राज दोनों मेरे भाई जैसे हैं। वे कभी ऐसा कुछ नहीं कर सकते। मेरा भाई राज कहीं नहीं गया। आप उसके ऑफिस वालों से पूछ सकते हैं। मेरी बस यही मांग है कि मेरे भाई को रिहा किया जाए। वह हत्या में शामिल नहीं है। मेरा भाई निर्दोष है।"

एक और आरोपी आकाश गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस मेघालय पुलिस के साथ सहयोग कर रही है , मगर आगे की कार्रवाई मेघालय पुलिस द्वारा ही की जाएगी। इस संबंध में चौकी गांव के प्रधान आनंद ने बताया कि मेघालय पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी आकाश चौकी गांव का ही रहने वाला है, मगर पिछले कुछ दिनों से वह इंदौर में रह रहा था। इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी हनीमून के दौरान शिलांग के पास से गायब हो गए थे। बाद में राजा का शव बरामद हुआ था। आज तड़के गाजीपुर में सोनम रघुवंशी पुलिस को मिली जिसपर अपने पति की हत्या करवाने का आरोप है।

वन-स्टॉप सेंटर पहुंची पुलिस

इस बीच, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे मेघालय पुलिस की एक टीम गाजीपुर के वन-स्टॉप सेंटर पहुंची, जहां सोनम को दिन में भर्ती कराया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि सोनम को हिरासत में लिया जा रहा है । केंद्र की पहल ‘वन स्टॉप सेंटर’ हिंसा से प्रभावित या संकटग्रस्त महिलाओं को पुलिस सुविधा, चिकित्सा सहायता, कानूनी सहायता और परामर्श, मनोवैज्ञानिक-सामाजिक परामर्श और अस्थायी आश्रय सहित कई एकीकृत सेवाएं एक ही छत के नीचे प्रदान करता है। सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज थाने के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।

सोनम का भाई गोविंद भी गाजीपुर पहुंचा

इससे पहले उसका भाई गोविंद भी मेघालय से गाजीपुर पहुंचा। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उसने कहा कि अगर वह (सोनम) दोषी है, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए। सरकार जो भी फैसला करेगी, हम उसे स्वीकार करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या सोनम से बात हुई है, गोविंद ने कहा कि अभी मुझे कुछ नहीं पता। मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं उससे नहीं मिला हूं। मैं 17 दिनों से सोया नहीं हूं, मैं मेघालय में पुलिस के साथ उसकी तलाश कर रहा था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article