देश

भारतीय रेलवे का बड़ा फैसला; अब पटरी पार करने वाली दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम, 12 घंटे में बनेंगी पुलिया

रेलवे ने पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तेज रफ्तार समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। देशभर के संवेदनशील स्थानों पर ऐसी सुविधाजनक रेल पुलिया बनाने की योजना है, जिन्हें महज 12 घंटे में तैयार किया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित विकल्प देना और आने वाले वर्षों में हादसों में उल्लेखनीय कमी लाना है।

Image

रेल पटरी पार करना अब होगा सुरक्षित! (सांकेतिक फोटो)

रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, देशभर में सुविधाजनक रेल पुलिया बनाने का निर्देश दिया गया है, जिन्हें मात्र 12 घंटे में तैयार किया जा सकेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में अधिकारियों के साथ हुई कार्यशाला में इस योजना को मिशन मोड में लागू करने को कहा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ तौर से कहा कि, जिन स्थानों पर पटरी के एक ओर बस्ती और दूसरी ओर खेत, विद्यालय, श्मशान या अन्य जरूरी स्थान होते हैं, वहां लोगों को मजबूरी में पटरियां पार करनी पड़ती है। ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर पुलिया बनाई जाएंगी। खास तौर से उन जगहों को चिन्हित किया जाएगा जहां बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा के कामों के लिए ट्रैक पार करते हैं।

दुर्घटनाओं में आएगी बड़ी कमी

रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिया इस तरह से डिजाइन हों कि आम लोग आसानी से उनका उपयोग कर सकें। साइकिल, मोटरसाइकिल और कामकाज से जुड़ा सामान लेकर भी लोग सुरक्षित रूप से पार जा सकें। इससे ट्रैक पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं में बड़ी कमी आएगी और लाखों लोगों को सुरक्षित विकल्प मिलेगा। रेलवे का लक्ष्य है कि इन पुलियाओं का निर्माण तेज गति से हो और पटरियों के आर-पार इन्हें मात्र 12 घंटे में तैयार किया जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जलभराव या बारिश से इनका उपयोग प्रभावित न हो। डिजाइन ऐसा होगा कि लोगों को पुलिया इस्तेमाल करने में कोई झिझक न हो।

5-6 साल में बड़ी समस्या से राहत का लक्ष्य

रेल मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगले 5-6 सालों में इस समस्या का व्यापक समाधान निकालना होगा। उन्होंने संवेदनशील और दीर्घकालिक व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ऐसा समाधान तैयार किया जाए जो आने वाले दशकों तक प्रभावी रहे। रेलवे की यह पहल देश की बड़ी आबादी के लिए राहत भरी साबित हो सकती है। सुरक्षित और सुगम पुलिया बनने से पटरी पार करने की मजबूरी खत्म होगी और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article