Vande Bharat: देशभर के तमाम रूटों पर यात्रा को सुगम बनाने के लिए लगातार नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस कड़ी में सरकार अगले तीन माह के अंदर 10-12 नई वंदे भारत ट्रेनों को संचालन किया जा सकता है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राजस्थान, बिहार, नार्थ ईस्ट अन्य इलाकों में ज्यादा-से-ज्यादा वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना है।
ईटी नाउ स्वदेश ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रेल संचालन में जबरदस्त विस्तार की योजना बना रही है। अगले तीन माह के भीतर दर्जनभर वंदे भारत ट्रेनों को पटरी पर उतारा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, रेल मंत्रालय ने 10-12 नई वंदे भारत ट्रेनों के संचालन की लगभग तैयारी पूरी कर ली है।
कौन से रूट पर चलेंगी वंदे भारत ट्रेनें?
बकौल रिपोर्ट, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) भले ही वंदे भारत ट्रेनों के रूट पर अंतिम फैसला करें, लेकिन माना यह जा रहा है कि राजस्थान, बिहार, नॉर्थ ईस्ट, जम्मू-कश्मीर के लिए नई वंदे भारत का संचालन हो सकता है। इसके अलावा बेंगलुरू, चेन्नई, मुंबई ऐसी जगहों के लिए ज्यादा से ज्यादा वंदे भारत चलाने की योजना है। इन प्रमुख रूटों पर ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
ट्रैकों को किया गया अपग्रेड
रेलवे ने पिछले 4-5 सालों में ट्रैकों को अपग्रेड किया है जिसकी बदौलत 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनों का संचालन किया जा सके। ऐसे में रेलवे ज्यादा से ज्यादा वंदे भारत ट्रेनों का संचालन करना चाहती है। इसकी बदौलत आईआरसीटीसी (IRCTC) को भी लाभ होगा। दरअसल, जितनी ज्यादा वंदे भारत ट्रेनों का संचालन होगा आईआरसीटीसी का रेवन्यू भी उतना ज्यादा बढ़ेगा। ऐसे में तमाम फायदों को देखते हुए अगले तीन माह के भीतर देश के अहम रूटों पर 10-12 वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
