Himanta Biswa Sharma : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसा। सरमा ने कहा कि 'राहुल गांधी असम आते हैं और मुझे जेल भेजने की बात करते हैं लेकिन वह भूल जाते हैं कि वह खुद जमानत पर बाहर हैं।' राहुल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बुधवार को एक दिन के असम दौरे पर पहुंचे।
राहुल जी को मेरी शुभकामनाएं-सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया, ''लिखकर ले लीजिए, हिमंता बिस्वा सरमा को जरूर जेल भेजा जाएगा'। ये वही शब्द हैं जो विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने असम में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बंद कमरे की बैठक में कहे। वह सिर्फ यह कहने के लिए असम आए थे, राहुल भूल जाते हैं कि देश भर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वह खुद जमानत पर हैं। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं, राहुल जी। आज के दिन असम की मेहमाननवाजी का आनंद लें।'
कोकराझार मेडिकल कॉलेज पहुंचे सरमा
सीएम सरमा बुधवार को कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया और वहां अस्पताल के कर्मचारियों के साथ बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने उनके साथ सेल्फी ली।
गोगोई के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला दौरा
अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले गौरव गोगोई के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद से पार्टी के शीर्ष नेताओं का यह पहला दौरा है। खरगे और गांधी एक दिवसीय दौरे के दौरान दो बैठकों में शामिल होंगे, जिनमें से एक गुवाहाटी से लगभग 40 किलोमीटर दूर चायगांव में होगी। गोगोई ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के जिला, ब्लॉक और मंडल अध्यक्ष बैठकों में नेतृत्व के समक्ष अपने विचार रख सकेंगे। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘यह दौरा न्याय, सौहार्द और सभी के समावेशी विकास के प्रति कांग्रेस पार्टी की साझा प्रतिबद्धता को दोहराता है।’
