देश

राहुल गांधी की बुद्धि पर दया आती है, पेगासस उनके फोन में नहीं, दिमाग में है, सीएम शिवराज का गंभीर आरोप

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Mar 5, 2023, 08:40 AM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि पेगासस कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के फोन में नहीं बल्कि उनके दिमाग में है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे राहुल गांधी की बुद्धि पर दया आती है।

Image

सीएम शिवराज ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

Photo : Twitter

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इजरायली स्पाईवेयर पेगासस (Pegasus) के जरिए जासूसी करने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दावे पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि पेगासस फोन में नहीं है, बल्कि यह राहुल गांधी के दिमाग में है। सीएम चौहान ने कहा कि फोन में पेगासस नहीं है, यह राहुल गांधी के दिमाग में है। पेगासस कांग्रेस के DNA में प्रवेश कर गया है। मुझे राहुल गांधी की बुद्धि पर दया आती है। वह विदेशों में जाते हैं और हमारे देश के खिलाफ बयान देता है। विदेशी दूतावासों में जाकर भारत विरोधी बातें करता है। विदेशों में भारत को बदनाम करना कांग्रेस का नया एजेंडा है। विदेशों में देश की आलोचना करना देश विरोधी कदम है। इसलिए देश और जनता राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेगी।

मेरे फोन में पेगासस था- कैंब्रिज में बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने हाल ही में कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक व्याख्यान में दावा किया था कि उनके फोन की पेगासस, एक इजराइली स्पाईवेयर के माध्यम से जासूसी की जा रही थी, और उन्हें खुफिया अधिकारियों द्वारा चेतावनी दी गई थी कि वे कॉल पर क्या बोलते हैं, इसके बारे में 'सावधान' रहें। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेरे फोन में पेगासस था। बड़ी संख्या में राजनेताओं के फोन पर पेगासस था। मुझे खुफिया अधिकारियों ने फोन किया था, जिन्होंने मुझसे कहा था कि कृपया इस बात से सावधान रहें कि आप फोन पर क्या कह रहे हैं क्योंकि हमारी बातों की रिकॉर्डिंग हो रही है। तो यह वह निरंतर दबाव है जो हम महसूस करते हैं। इस तरह विपक्ष पर मामले हो रहे हैं।

शिवराज ने कमलनाथ पर भी साधा निशाना

सीएम चौहान ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर सवाल उठाने पर पूर्व सीएम कमलनाथ पर निशाना साधा। चौहान ने कहा कि मैं आज बहुत जिम्मेदारी से पूछ रहा हूं और कमलनाथ को जवाब देना है। मैंने पहले भी पूछा था, लेकिन जवाब नहीं मिला। 2017 में हमने बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति की महिलाओं के बैंक खातों में 1,000 रुपए जमा करना शुरू किया। ताकि परिवार में उनके बच्चों का पालन-पोषण ठीक से हो सके। हमने राज्य में हमारी सरकार के सत्ता में रहने तक महिलाओं के खातों में 1,000 रुपये जमा किए जो कि 2018 तक थे। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही भारिया, सहरिया, बैगा बहनों के खातों में 1,000 रुपये जमा करना क्यों बंद कर दिया? आज ये महिलाएं आपसे एक सवाल पूछ रही हैं।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article