Job Recruitment Row: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष राज्य में ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी हुईं नियुक्तियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ करने की मांग की है।
राहुल गांधी ने मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा, ''इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के अनेक छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए। इनमें ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।''
2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी
रायबरेली सांसद ने आगे कहा, ''उन्होंने बताया कि लंबे समय से रुकी हुई नियुक्तियों के कारण वे लगातार अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। इन युवाओं ने परीक्षा पास कर सारी प्रक्रिया पूरी कर ली है, फिर भी 87:13 व्यवस्था के तहत ओबीसी आरक्षण से जुड़े 12 फीसदी पदों को होल्ड पर रखा गया है और इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी 2022 से आज तक नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।''
बकौल पत्र, इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि नियुक्तियों में देरी के कारण युवाओं के सामने भविष्य को लेकर परेशानी बनी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: केरल फ्लैश फ्लड में जान गंवाने वालीं सजिथा के परिजनों से प्रियंका गांधी ने की मुलाकात, ढांढस बंधाया
'बार-बार सड़कों पर उतरने को मजबूर अभ्यर्थी'
पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि सभी दलों ने सर्वसम्मति से 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण को समर्थन दिया था, फिर भी इस मुद्दे का समाधान अब तक नहीं हुआ है। इसी देरी के कारण अभ्यर्थी आरक्षण के क्रियान्वयन और अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर बार-बार सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।
