Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। X पर अपने ट्वीट में राहुल ने कहा कि 'वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।' प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को 75 साल के हो गए। इस मौके पर उन्हें देश और दुनिया भर से शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा मना रही है।
ट्रंप सहित कई नेताओं ने दी पीएम को दी बधाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के सीएम नीतीश कुमार सहित एनडीए के नेताओं ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं दी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "कुछ देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश की धरती पर पधारने वाले हैं। उनके द्वारा पीएम मित्र पार्क के माध्यम से आदिवासी अंचल धार झाबुआ में बड़ी सौगात मिल रही है।'
भाजपा मना रही 'सेवा पखवाड़ा'
इस उपलक्ष्य में भाजपा ने 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू किया है। केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं। मोदी स्वयं मध्यप्रदेश के धार में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
धार में लोगों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
वह जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे। भाजपा नेताओं, सहयोगियों और अन्य दलों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने 2014 के बाद से अपनी पार्टी को अभूतपूर्व भौगोलिक विस्तार और चुनावी सफलता दिलाई है।
