Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर एक बार फिर मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर कहा, जब देश का हर तीसरा युवा बेरोजगारी का शिकार है, तब प्रधानमंत्री ने एक बार फिर उनके साथ बड़ा धोखा किया है। राहुल गांधी ने यह पोस्ट रेलवे की ओर से असिस्टेंड लोको पायलट पदों पर भर्ती निकाले जाने के बाद किया है। उन्होंने रेलवे के विज्ञापन को एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार से सवाल किया है कि कहां गया हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा और कहां गया रेलवे का निजीकरण न करने का भरोसा।
बता दें, रेलवे की ओर से जो भर्तियां निकाली गई हैं वे मात्र 5696 पदों के लिए हैं। ऐसे में राहुल गांधी ने मोदी सरकार के सामने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक्स पर किए पोस्ट में कहा, जब देश का हर तीसरा युवा बेरोज़गारी का शिकार है, तब प्रधानमंत्री ने एक बार फिर उनके साथ बड़ा धोखा किया है। इस बार धोखा आम परिवार से आने वाले, 18-18 घंटे मेहनत करने वाले उन छात्रों के साथ है जो छोटे छोटे किराए के कमरों में रह कर बड़े सपने देखते हैं। जहां रेलवे में लाखों पद खाली हैं, वहां 5 वर्षों के इंतजार के बाद मात्र 5696 पदों की भर्ती, प्रतियोगी छात्रों के साथ अन्याय है।
किसके फायदे के लिए बनाई जा रही नीति
राहुल गांधी ने आगे कहा, रेलवे में भर्तियों को कम करने की नीति आखिर किसके फायदे के लिए बनाई जा रही है? कहां गया हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा? कहां गया रेलवे का निजीकरण न करने का भरोसा? एक बात बिल्कुल साफ है कि मोदी की गारंटी, युवाओं के लिए खतरे की घंटी है। हमें उनके हक, उनके साथ न्याय के लिए आवाज उठानी ही होगी।
