देश

बीजेपी का सबसे मजबूत किला भेदने की तैयारी में राहुल गांधी, आज जाएंगे गुजरात; जानिए पूरा प्लान

Rahul Gandhi Gujarat Visit: राहुल गांधी दोपहर करीब 12.30 बजे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। इस दौरान वह राजकोट के गेम जोन में आग, वडोदरा में नाव पलटने की घटना और मोरबी पुल ढहने की घटना समेत हालिया समय में गुजरात में हुई विभिन्न त्रासदियों में जान गंवाने वालों के परिवार के सदस्यों से भी मिलेंगे।

Image

राहुल गांधी

Photo : Twitter

Rahul Gandhi Gujarat Visit: लोकसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कांग्रेस की नजर अब भारतीय जनता पार्टी के सबसे मजबूत किले यानी गुजरात पर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो सीधे तौर पर गुजरात में बीजेपी को हराने की चुनौती दे चुके हैं। अब राहुल गांधी गुजरात का दौरा करने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज यानी शनिवार को अहमदाबाद का दौरा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी राजकोट के गेम जोन में आग, वडोदरा में नाव पलटने की घटना और मोरबी पुल ढहने की घटना समेत हालिया समय में गुजरात में हुई विभिन्न त्रासदियों में जान गंवाने वालों के परिवार के सदस्यों से भी मिलेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से भी मिलेंगे राहुल

राहुल गांधी की हिंदुओं के बारे में टिप्पणी को लेकर गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जीपीसीसी) कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के कुछ दिनों बाद वह गुजरात का दौरा करने वाले हैं। झड़प के संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और प्राथमिकियां दर्ज की गईं, जिसके बाद कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के उन पांच कार्यकर्ताओं के परिवार के सदस्यों से भी मिलेंगे जो फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। गोहिल ने कहा, राहुल गांधी दोपहर करीब 12.30 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।

राजीव गांधी भवन के बाहर हुई थी झड़प

शहर के पालदी इलाके में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव गांधी भवन के बाहर दो जुलाई को कांग्रेस और भाजपा दोनों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई थी, जब भाजपा की युवा शाखा के सदस्य गांधी की हिंदुओं के बारे में टिप्पणी के विरोध में वहां पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें एक सहायक पुलिस आयुक्त सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। झड़प के एक दिन बाद तीन जुलाई को एलिसब्रिज पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की और कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जो फिलहाल रिमांड पर हैं। एक प्राथमिकी पुलिस ने कांग्रेस और भाजपा दोनों से जुड़े लगभग 450 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की, जबकि दूसरी प्राथमिकी भाजपा की अहमदाबाद इकाई की युवा शाखा की शिकायत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article