कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब लोकसभा में सांसद के तौर पर शपथ लेने पहुंचे तो उनके हाथ में संविधान की एक प्रति भी दिखी। शपथ लेने से पहले राहुल गांधी ने संविधान की प्रति को लहराया और फिर शपथ ली। इसके बाद राहुल गांधी ने जय संविधान का नारा भी लगाया। बता दें कि कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान बचाने के नाम पर लोगों से समर्थन मांगते दिखा था।
भारत जोड़ो के नारे लगाए
राहुल गांधी ने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने ‘जय हिंद, जय संविधान’ का नारा भी लगाया। शपथ के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो कांग्रेस के सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाने लगे। उनके शपथ लेने के बाद भी कांग्रेस सदस्यों ने ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाए।
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले थे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने वर्ष 2022 में भारत जोड़ो यात्रा और इस साल की शुरुआत में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली थी। राहुल गांधी इस बार उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले वह लोकसभा में केरल के वायनाड और उत्तर प्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।सोमवार से शुरू हुआ है सत्र
18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हुआ है। इस सत्र के दौरान 24 और 25 जून को निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए शपथ लेने का कार्यक्रम है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण से हुई, जिसके बाद उनके मंत्रिपरिषद ने शपथ ली। उसके बाद से बाकी सांसद शपथ ले रहे हैं।
