Asaduddin Owaisi Oath Video: लोकसभा में मंगलवार को उस समय अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जय फिलिस्तीन का नारा लगा दिया। असदुद्दीन ओवैसी ने लोकसभा में सांसद पद की शपथ लेने के बाद जय फिलिस्तीन का नारा लगा दिया।असदुद्दीन ओवैसी के शब्दों पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा किफिलिस्तीन या किसी अन्य देश से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। शपथ लेते समय क्या किसी सदस्य के लिए दूसरे देश की प्रशंसा में नारा लगाना उचित है... हमें नियमों की जांच करनी होगी कि क्या यह उचित है...।
शपथ के समापन में जय फिलिस्तीन का नारा
एआईएमआईएम अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में आज शपथ ली। इसी दौरान उन्होंने जब अपना शपथ खत्म किया तो लास्ट में "जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन" का नारा लगाया।
ओवैसी ने जय फिलिस्तीन नारे पर बाद में क्या कहा
इसके बाद जब ओवैसी शपथ लेने के बाद संसद से बाहर निकले और मीडिया ने जब उनसे इसे लेकर सवाल पूछ लिया तो औवसी ने कहा- "हर कोई बहुत सारी बातें कह रहा है... मैंने अभी कहा "जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन"... यह कैसे खिलाफ है, संविधान में प्रावधान दिखाएं...।"
केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना
संसद में शपथ के दौरान एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के शब्दों पर विरोध जताते हुए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा- "एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने आज संसद में जो 'जय फिलिस्तीन' का नारा लगाया, वह बिल्कुल गलत है। यह सदन के नियमों के खिलाफ है। वह भारत में रहकर 'भारत माता की जय' नहीं कहते...लोगों को समझना चाहिए कि वह देश में रहकर असंवैधानिक काम करते हैं।"
