देश

'राहुल गांधी फट फटिया मास्टर...इसके अलावा उन्हें कुछ नहीं आता'; कांग्रेस-RJD गठबंधन को लेकर तेज प्रताप ने खोला मोर्चा

कांग्रेस के राजद के साथ गठबंधन तोड़ने को लेकर कई नेताओं की मांग पर उन्होंने कहा कि यह तो चुनाव के पहले ही कर लेना चाहिए था। जब चुनाव लड़कर सब सीट हार गए तब यह दिखाई दे रहा है। तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी 'फट-फटिया मास्टर' हैं और उन्हें सिर्फ 'फट-फटिया चलाने' और 'मुर्गा-भात पकाने' का ही काम आता है।

राहुल गांधी, तेज प्रताप यादव

राहुल गांधी, तेज प्रताप यादव (फोटो- ani)

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव को रविवार को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में यह फैसला लिया गया। जिसके बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच तेजस्वी यादव के बड़े भाई और जन शक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने भी प्रतिक्रिया देते हुए जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी मिली है तो वे (तेजस्वी यादव) अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। इसमें और हम क्या कहें। जिसे जिम्मेदारी मिले उसे निर्वहन करना ही चाहिए।

इस दौरान अपनी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्होंने (रोहिणी आचार्य) जो ट्वीट किया है, शत प्रतिशत सही ट्वीट किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो फैसला उन्होंने लिया है वह सही है। वैसे यह अच्छी बात है।

राहुल गांधी को बताया फटफटिया मास्टर

कांग्रेस के राजद के साथ गठबंधन तोड़ने को लेकर कई नेताओं की मांग पर उन्होंने कहा कि यह तो चुनाव के पहले ही कर लेना चाहिए था। जब चुनाव लड़कर सब सीट हार गए तब यह दिखाई दे रहा है। तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी 'फट-फटिया मास्टर' हैं और उन्हें सिर्फ 'फट-फटिया चलाने' और 'मुर्गा-भात पकाने' का ही काम आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजनीति से ज्यादा ऐसे कामों में रुचि है। तेज प्रताप ने आगे कहा कि राहुल गांधी एक 'कायर नेता' हैं, जो अपने बयानों पर खरे नहीं उतरते।

अब तक क्यों नहीं गए राम मंदिर दर्शन करने?

उन्होंने अयोध्या राम मंदिर दर्शन को लेकर राहुल गांधी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि वह अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन करेंगे, लेकिन अब तक वह वहां नहीं गए। तेज प्रताप ने सवाल उठाया कि अगर उन्होंने ऐसा कहा था तो फिर अब तक दर्शन के लिए क्यों नहीं गए। उनके अनुसार, नेताओं को अपने शब्दों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और जनता से किए गए वादों को निभाना चाहिए।

तेजस्वी यादव को बनाया गया आरजेडी का कार्यकारी अध्यक्ष

इससे पहले राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। इस अवसर पर राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "एक नए युग का शुभारंभ। तेजस्वी यादव राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए।" राजद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया, जिसमें यादव, प्रसाद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यादव की सबसे बड़ी बहन एवं पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती भी बैठक में मौजूद थीं।

रोहिणी आचार्य ने क्या लिखा?

इसी बीच, लालू यादव की बेटी और तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने तंज कसते हुए 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "सियासत के शिखर पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप, ठकुरसुहाती करने वालों और 'गिरोह-ए-घुसपैठ' को उनके हाथों की 'कठपुतली बने शहजादा' की ताजपोशी मुबारक।"

रोहिणी आचार्य ने रविवार को ही एक पोस्ट में पार्टी की मौजूदा स्थिति, नेतृत्व की भूमिका और आंतरिक हालात पर सवाल उठाए। रोहिणी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि घुसपैठियों ने पार्टी की कमान थाम ली है और लालू प्रसाद यादव की विरासत तबाह हो रही है।

आरजेडी की हुई थी करारी हार

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में राजद की करारी हार हुई थी, जिसमें ‘महागठबंधन’ ने 36 वर्षीय नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में खड़ा करके चुनाव लड़ा था। तेजस्वी यादव और राज्यसभा सदस्य संजय यादव समेत उनके करीबी सहयोगियों को उनकी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य ने विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार के लिए सीधे तौर पर दोषी ठहराया था। रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने जवाबदेही तय करने पर जोर दिया, तो उन्हें गालियां दी गईं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article