देश

नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान- दानिश अली से मिलकर बोले राहुल गांधी, बिधूड़ी प्रकरण के बाद मचा है हंगामा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Sep 22, 2023, 08:13 PM IST

दानिश अली ने शुक्रवार को कहा कि अगर लोकसभा के भीतर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सदस्य रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वह भारी मन से सदन की सदस्यता छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।

Image

बसपा सांसद दानिश अली से मिले राहुल गांधी

Photo : Twitter

रमेश बिधूड़ी के अपशब्दों को लेकर हंगामा मचा हुआ है। रमेश बिधूड़ी ने जिस बसपा सांसद दानिश अली को अपशब्द कहे थे, उनसे मिलने अचानक से राहुल गांधी पहुंच गए। राहुल गांधी के साथ पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल भी थे।

क्या बोले राहुल गांधी

इस मुलाकात के बाद जब राहुल गांधी बाहर निकले तब उन्होंने मीडिया से कहा- 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान।' इस मुलाकात के बाद कांग्रेस ने दानिश अली के साथ राहुल गांधी की फोटो को शेयर करते हुए लिखा- "BSP सांसद दानिश अली जी से मिलने उनके निवास पर पहुंचे राहुल गांधी। कल भरी संसद में BJP सांसद रमेश बिधूड़ी ने दानिश अली जी का अपमान किया था, उन्हें बेहद अमर्यादित और असंसदीय अपशब्द कहे थे। भाजपा के दो पूर्व मंत्री भद्दे ढंग से हंसते रहे। रमेश बिधूड़ी की यह शर्मनाक और ओछी हरकत सदन की गरिमा पर कलंक है। कांग्रेस देश भर के साथ लोकतंत्र के मंदिर में नफरत और घृणा की ऐसी मानसिकता के सख्त खिलाफ है।"

क्या बोले दानिश अली

वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बीएसपी सांसद दानिश अली ने कहा कि राहुल गांधी उनके अपना समर्थन देने आए थे। दानिश अली ने कहा- "वह मेरा मनोबल ऊंचा रखने और अपना समर्थन देने के लिए यहां आए हैं... उन्होंने कहा कि मैं अकेला नहीं हूं और जो भी लोग लोकतंत्र के साथ खड़े हैं, वे मेरे साथ खड़े हैं।"

'इस्तीफे पर विचार'

इससे पहले बसपा के सांसद दानिश अली ने शुक्रवार को कहा कि अगर लोकसभा के भीतर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सदस्य रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वह भारी मन से सदन की सदस्यता छोड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article