Budget Session: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भाजपा हमलावर नजर आ रही है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने तो राहुल गांधी को नासमझ करार देते हुए कहा कि वह देश भर में अपनी राजनीतिक जमीन खो रहे हैं। दरअसल, राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक देश के रूप में हम विनिर्माण में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया था कि विनिर्माण का काम चीन की कंपनियों को दे दिया गया है।
भाजपा सांसद का राहुल पर पलटवार
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी बेहद नासमझ नेता हैं और उन्हें खुद ध्यान नहीं रहता है कि वह क्या बोल रहे हैं। मेक इन इंडिया को विफल कहना... मुझे लगता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में देश में स्वनिर्माण की जो धारा बही है उसे पूरी तरह से नकारने की चेष्ठा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की मजबूरी यह है कि वह देश भर में अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं और उन्हें अब किसी न किसी ढंग से खुद को स्थापित करना है, इसलिए वो इस तरह के गैरजिम्मेदाराना बयान देते हैं...
राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा था?
राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मेक इन इंडिया' को लेकर प्रयास जरूर किया, लेकिन यह विचार विफल रहा, क्योंकि विनिर्माण दर घट गई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हम बेरोजगारी की समस्या को सुलझा नहीं पाए हैं, न तो संप्रग सरकार बेरोजगारी को लेकर युवाओं को कोई स्पष्ट जवाब दे पाई और ना ही राजग सरकार कुछ कर पाई...मेरी इस बात से प्रधानमंत्री भी सहमत होंगे।
