Congress Vote Theft Rally: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस की रामलीला मैदान में आयोजित 'वोट चोर, गद्दी छोड़' रैली में रविवार को मोदी सरकार और चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का आत्मविश्वास समाप्त हो गया है, उन्हें भी पता है कि उनकी चोरी पकड़ी गई है। जल्दी लोगों को पता लग जाएगा। संविधान में लिखा है हर व्यक्ति को एक वोट का अधिकार है। ये अंबेडकर जी का अपमान है।
RSS पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि गांधी जी कहते थे कि सत्य सबसे जरूरी चीज है। हमारे धर्म में सत्य को सबसे जरूरी माना जाता है। हमारे धर्म में कहा जाता है- सत्यम, शिवम्, सुंदरम्... सत्यमेव जयते... मोहन भागवत ने अंडमान में एक भाषण दिया था, उन्होंने बयान दिया- विश्व सत्य को नहीं शक्ति को देखता है। जिसके पास शक्ति है उसे माना जाता है। ये उनकी सोच है, उनकी विचारधारा है। हमारी विचारधारा, हिंदुस्तान की विचारधारा, हिंदू विचारधारा कहती है- सत्य सबसे जरूरी है, लेकिन मोहन भागवत कहते हैं- सत्य का कोई मतलब नहीं है, सत्ता जरूरी है। हिंदुस्तान में इस बात की लड़ाई हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्य और असत्य की लड़ाई हो रही है। सत्य के पीछे खड़े होकर पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सत्य के साथ खड़े रहेंगे और नरेंद्र मोदी, आरएसएस सरकार को सत्ता से हटाएंगे।
राहुल ने EC को भी आड़े हाथों लिया
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान 10,000 रुपये दिए और चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सच और झूठ की इस लड़ाई में चुनाव आयोग भाजपा सरकार के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी चुनाव आयोग को छूट देने के लिए नया कानून लाए हैं, हम इस कानून को बदलेंगे और चुनाव आयुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
राहुल गांधी ने 2023 के चुनाव आयोग का हवाला देते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी आपसे (चुनाव आयुक्त) कह ही है, आप हिंदुस्तान के चुनाव आयुक्त हो, नरेंद्र मोदी के निर्वाचन आयुक्त नहीं हो। हम कानून पूर्वव्यावी रूप से बदलेंगे और आपके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।’’
