देश

BJP के जो नेता अंग्रेजी का विरोध करते हैं, उनके बच्चे कहां पढ़ते हैं- गहलोत सरकार की पीठ थपथपा बोले राहुल गांधी

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 19, 2022, 10:40 PM IST

राजस्थान सरकार द्वारा 1,700 अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किए जाने और 10,000 अंग्रेजी अध्यापक नियुक्त किए जाने के लिए अशोक गहलोत सरकार की राहुल गांधी ने जमकर सराहना की। इसी दौरान राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों को हिंदी सहित हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए, मगर बाकी दुनिया से बात करने में हिंदी काम नहीं आएगी, वहां अंग्रेजी काम आएगी।

Image

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अशोक गहलोत

Photo : Twitter

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं पर अंग्रेजी के खिलाफ बोलने को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्कूलों में अंग्रेजी नहीं होने की बात करने वाले इन नेताओं के बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ते हैं।

गहलोत सरकार की प्रशंसा

राजस्थान सरकार द्वारा 1,700 अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किए जाने पर राहुल गांधी ने गहलोत सरकार की जमकर प्रशंसा की। राहुल गांधी ने कहा कि बच्चों को हिंदी सहित हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए मगर बाकी दुनिया से बात करने में हिंदी काम नहीं आएगी, वहां अंग्रेजी काम आएगी। राहुल गांधी ने ये बातें भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कही।

बीजेपी को घेरा

राहुल गांधी ने आगे बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे विपक्षी भाजपा के नेता जहां भी जाते हैं, अंग्रेजी के खिलाफ बात करते हैं। स्कूलों में अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए, बंगाली होनी चाहिए, हिंदी होनी चाहिए लेकिन अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा- "ये जो नेता कहते हैं कि अंग्रेजी नहीं होनी चाहिए, उनसे आप पूछिए कि आप बात तो अच्छी कर रहे हो, मगर आपका बेटा कौन से स्कूल में जाता है? क्या अंग्रेजी मीडियम स्कूल में जाता है? हां या ना, हां? इनके सारे के सारे बच्चे... अमित शाह से लेकर इनके सब मुख्यमंत्रियों के बच्चे, सब सांसदों व सब विधायकों के बच्चे...सारे के सारे इंग्लिश मीडियम स्कूल में जाते हैं और भाषण देते हैं कि अंग्रेजी किसी को नहीं बोलनी चाहिए।"

लगाया आरोप

कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा-"ये नहीं चाहते हैं कि हिंदुस्तान का गरीब, किसान का बेटा, मजदूर का बेटा अंग्रेजी सीखे। इसका कारण है, क्योंकि वे चाहते हैं कि आप बड़े सपने नहीं देखो। आप खेत से ही न निकलो, आप मजदूरी से बाहर न निकलो। इसीलिए ये आपसे कहते हैं कि अंग्रेजी मत पढ़ो। मैं यह नहीं कह रहा कि हिंदी मत पढ़ो। जरूर पढ़नी चाहिए ... तमिल पढ़नी चाहिए, हिंदी पढ़नी चाहिए, मराठी पढ़नी चाहिए ... हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए। मगर अगर आप बाकी दुनिया से बात करना चाहते हो तो चाहे वह अमेरिका, जापान या ब्रिटेन हो तो वहां हिंदी काम नहीं आएगी। वहां अंग्रेजी ही काम आएगी।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article