पंजाब के बरनाला जिले में पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर शनिवार देर रात कथित तौर पर फायरिंग की गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार तीन अज्ञात और नकाबपोश लोगों ने उनके घर के मुख्य गेट को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के वक्त गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे, हालांकि उनके परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, तीनों हमलावर मोटरसाइकिल से गांव फरवाही स्थित सिद्धू के घर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने घर के मुख्य गेट की ओर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
छह राउंड फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हमलावरों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से कुछ गोलियां घर के मुख्य गेट पर लगीं। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल चला रहा एक व्यक्ति मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोगों ने फायरिंग की। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है।
बताया गया है कि गुलाब सिद्धू को पहले से ही पंजाब पुलिस की ओर से दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह सामने नहीं आई है और पुलिस आरोपियों की पहचान के साथ-साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कौन हैं गुलाब सिद्धू?
गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ कई गानों में काम किया था। दोनों की जोड़ी और कोलैबोरेशन को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उनके कई गाने खूब चर्चा में रहे।
गुलाब सिद्धू, सिद्धू मूसेवाला के करीबी माने जाते थे और उन्हें अपना मेंटर भी मानते थे। सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद भी गुलाब सिद्धू लगातार अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें याद करते रहे हैं। वह अक्सर अपनी पोस्ट में सिद्धू मूसेवाला के लिए न्याय की मांग करते नजर आते हैं। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को हत्या कर दी गई थी। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई थी।
