हिमाचल चुनाव (Himachal Pradesh Assembly Election 2022) के लिए प्रचार करने पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने वर्तमान बीजेपी (BJP) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राज्य में कांग्रेस (Congress) को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि राज्य घाटे में है और सरकार विकास की जगह भ्रष्टाचार में लिप्त है।
उना में कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी के नेता इस चुनाव में जनता को डबल इंजन सरकार की याद दिला रहे हैं। पिछले पांच साल डबल इंजन की सरकार नहीं थी क्या, तब उन्होंने क्या किया, ये बताएं? प्रियंका ने कहा- "बीजेपी नेता चुनाव में आकर डबल इंजन की सरकार कह रहे हैं, क्या पिछले 5 साल में डबल इंजन की सरकार नहीं थी? पिछले 5 सालों क्या हुआ, इंजन में तेल भरना भूल गए, क्योंकि सारा तेल बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।"
आगे प्रियंका गांधी ने दावा किया कि हिमाचल घाटे में है। सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा- "हिमाचल प्रदेश घाटे में है, हिमाचल प्रदेश पर 70 हजार करोड़ का कर्ज है। हिमाचल प्रदेश के 20 बोर्ड और निगम घाटे में हैं, कर्मचारियों को दिवाली पर डी.ए. नहीं मिला है, HRTC के कर्मचारियों को अब तक इस महीने का वेतन नहीं मिला।"
बीजेपी की जयराम सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कई बड़े घोटाले किए हैं। हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार ने कोरोना के समय पी.पी.ई. किट में घोटाला किया। पुलिस व शिक्षक भर्ती में घोटाला किया। खनन में तमाम घोटाले किए।
