Pune Crime: पुणे के आईटी हब हिंजेवाड़ी में एक सॉफ़्टवेयर इंजीनियर पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या का आरोप है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि झगड़े के बाद उसने साथी को पीट-पीटकर मार डाला, रात भर उसके शव के पास बैठा रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन कर एम्बुलेंस मांगी। घटना रविवार देर रात हिंजेवाड़ी के प्रिस्टीन पीजी में हुई। मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है, जो विदर्भ के वर्धा जिले की रहने वाली थी। आरोपी शुभम कलबांडे महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले का निवासी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों हिंजेवाड़ी में काम करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। शुभम इंफोसिस में और कोमल विप्रो में कार्यरत थी। पुलिस उपायुक्त प्रदीप जाधव ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि दोनों की जान-पहचान पेशे के सिलसिले में हुई थी।
डिनर के बाद झगड़ा
डीसीपी जाधव के मुताबिक रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए और फिर कोमल के पीजी वाले कमरे में लौट आए। रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। तड़के करीब तीन बजे बहस ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस का आरोप है कि शुभम ने आपा खो दिया और कोमल को मुक्कों से बार-बार मारा, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार इसके बाद शुभम रात भर कोमल के शव के पास ही रहा। सुबह करीब 6:30 बजे उसने खुद पुलिस को फोन किया और एम्बुलेंस की मांग की। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। कोमल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पुलिस ने पाया कि कोमल की मौत शुभम के हमले से हुई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कई साल का रिश्ता
पुलिस ने बताया कि कोमल और शुभम कई वर्षों से रिश्ते में थे और पिछले दो से तीन साल से साथ रह रहे थे। दोनों के परिवार इस रिश्ते से वाकिफ थे और उन्होंने शादी की योजना को मंजूरी भी दे दी थी। पुलिस के अनुसार कोमल को शुभम के किसी अन्य महिला से संबंध का संदेह था और इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इस संदेह की पुष्टि को लेकर पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है। हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। अदालत में दोष सिद्ध होना बाकी है।
