गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सरदारधाम छात्रावास का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए देश की मौजूदा परिस्थितियों, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और 'वोकल फॉर लोकल' जैसे मुद्दों पर विस्तार से फिर बात की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रधानमंत्री ने सरदारधाम परिसर की कई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। सरदारधाम परियोजना के तहत 1000 लड़कों और 1000 लड़कियों के लिए छात्रावास बनाए गए हैं। यहां छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव नतीजों का पीएम ने किया जिक्र
परिसर में केंद्रीय भोजन कक्ष, पुस्तकालय, सभागार और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन के बाद स्वागत कक्ष, डाइनिंग एरिया, नागरिक सुविधाओं और ई-लाइब्रेरी का दौरा किया। उन्होंने इस परियोजना को शिक्षा और समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव नतीजों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने पूरे देश में उत्साह का माहौल बना दिया है। साथ ही उन्होंने गुजरात निकाय और पंचायत चुनावों में मिली सफलता के लिए भी लोगों को बधाई दी। पीएम ने कहा कि गुजरात के लोगों ने हमेशा राजनीतिक स्थिरता को महत्व दिया है और यही राज्य की प्रगति का बड़ा कारण है।
पेट्रोल और डीजल का कम करे उपयोग-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया कई संकटों से गुजर रही है। पहले कोरोना महामारी आई और अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन प्रभावित हुई है और कई देशों की अर्थव्यवस्था दबाव में है। भारत भी इससे पूरी तरह अछूता नहीं है। पीएम ने लोगों से अपील की कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक सभी छोटे-छोटे संकल्प लें और देश के संसाधनों की बचत करें।
उन्होंने लोगों से पेट्रोल और डीजल का कम उपयोग करने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि जहां संभव हो, वहां मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया जाए। साथ ही कार पूलिंग को बढ़ावा देने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास कार है, वे एक वाहन में ज्यादा लोगों के साथ सफर करें ताकि ईंधन की बचत हो सके।
ऑनलाइन क्लास और वर्क फ्रॉम होम को दें बढ़ावा-प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने स्कूलों और कंपनियों से भी कुछ समय के लिए ऑनलाइन क्लास और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने खाने के तेल का कम उपयोग करने और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाने की सलाह दी। पीएम ने लोगों से फिलहाल सोने की खरीद टालने की भी अपील की।
उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल' को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया और कहा कि देशवासियों को भारत में बनी चीजों को प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने लोगों से विदेशों में छुट्टियां मनाने और डेस्टिनेशन वेडिंग करने के बजाय भारत में ही पर्यटन और आयोजन करने की अपील की। उन्होंने खास तौर पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का जिक्र करते हुए लोगों से वहां कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।
