देश

शपथ ग्रहण के अगले ही दिन एक्शन में मोदी सरकार, नई कैबिनेट की पहली बैठक आज

PM Narendra Modi Cabinet Meeting Today: पीएम मोदी ने नई कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। यह बैठक आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री के लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर होने की संभावना है। बता दें, नरेंद्र मोदी व उनके मंत्रियों ने रविवार शाम को ही राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में शपथ ग्रहण की है।

Image

Narendra Modi

Photo : Twitter

PM Narendra Modi Cabinet Meeting Today: शपथ ग्रहण के अगले ही दिन मोदी सरकार 3.0 का एक्शन शुरू हो गया है। रविवार शाम नरेंद्र मोदी समेत उनके मंत्रिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण की और आज (सोमवार) को पीएम मोदी ने नई कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। जानकारी के मुताबिक, यह बैठक आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री के लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर होने की संभावना है। बता दें, मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में 72 मंत्री शामिल हैं। इसमें 30 मंत्री कैबिनेट का हिस्सा होंगे तो वहीं पांच मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है, इसके अलावा 36 सांसदों को राज्यमंत्री का दायित्व मिला है।

अभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि आज मोदी सरकार 3.0 के मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया जाएगा। बता दें, नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में राजनाथ सिंह, अमित शाह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल जैसे नामों को फिर से शामिल किया गया है।

तीसरे कार्यकाल में पुराने चेहरों पर भरोसा बरकरार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी निवर्तमान मंत्रिपरिषद के 19 कैबिनेट मंत्रियों समेत 34 मंत्रियों को बरकरार रखा है। रविवार को शपथ लेने वाले निवर्तमान कैबिनेट मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर शामिल है, जो प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में निरंतरता और अनुभव पर जोर को दर्शाता है। अन्नपूर्णा देवी एकमात्र ऐसी मंत्री हैं जिन्हें राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है, जबकि एल. मुरुगन पिछले मंत्रिपरिषद के एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें लोकसभा चुनाव हारने के बावजूद दोबारा मंत्री बनाया गया है। वह पहले से ही राज्यसभा के सदस्य हैं। वहीं, कुछ मंत्रियों को एक अंतराल के बाद वापस लाया गया है, जिनमें भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा भी शामिल हैं, जो मोदी के पहले कार्यकाल में मंत्री थे। जुएल ओराम और अजय टम्टा भी पहले मंत्री थे और कुछ अंतराल के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

33 नये चेहरे शामिल

मोदी सरकार ने मंत्रिपरिषद में 33 नए चेहरों को शामिल किया है। पहली बार शामिल होने वालों में तीन पूर्व मुख्यमंत्री, जिसमें- शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और एचडी कुमारस्वामी शामिल हैं। मोदी सरकार में पहली बार मंत्री बनने वाले सात लोग सहयोगी दलों से हैं, जिनमें तेदेपा से के. राममोहन नायडू और पी. चंद्रशेखर, जद (यू) के ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर, रालोद के जयंत चौधरी, लोजपा के चिराग पासवान और जद (एस) के एच.डी. कुमारस्वामी शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय लोक दल राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, एकनाथ खडसे की पुत्रवधू रक्षा खडसे भी नए चेहरों में शामिल हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article