देश

ऑपरेशन सिंदूर के बाद मोदी कैबिनेट की बैठक, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दी Operation की जानकारी; कल सर्वदलीय बैठक बुलाई गई

पाकिस्तान और PoK में कुल 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हायतौबा मची हुई है। इस बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट मीटिंग में ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। कल यानी गुरुवार 8 मई को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है।

Image

ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्रीय कैबिनेट की बैठक

Photo : Twitter

भारतीय सेना के Operation Sindoor के बाद आज यानी बुधवार 7 मई को दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इक कैबिनेट बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह सहित तमाम बड़े कैबिनेट नेता शामिल हुए। इस बैठक के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूरी कैबिनेट के सामने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पूरी जानकारी दी।

कैबिनेट बैठक के दौरान रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री आपस में बात करते दिखे। पीएम मोदी ने भी कैबिनेट को संबोधित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री नीतिन गड़करी, शिवराज सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, किरेन रिजिजू, जयंत चौधरी, मनसुख मंडाविया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, चिराग पासवान, अश्विनी वैष्णव, जेपी नड्डा आदि नेता इस बैठक में शामिल रहे और सभी ने प्रधानमंत्री की बात को गौर से सुना।

कैबिनेट मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंच गए हैं। इस दौरान वह तीनों सेनाओं की सर्वोच्च सेनापति राष्ट्रपति मुर्मू को सेना के Operation Sindoor के बारे में पूरी जानकारी देंगे।

इस बीच खबर ये भी है कल सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। सरकार इस सर्वदलीय बैठक में देश की तमाम पार्टियों के नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पूरी जानकारी देगी। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद विपक्ष ने भी सरकार पर आतंक के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बनाया। साथ ही विपक्ष ने कहा कि वह किसी भी तरह की कार्रवाई में सरकार के साथ खड़ा है। ऐसे वक्त में सरकार को विपक्ष की तरफ से पूरा समर्थन मिलना बड़ी बात है। जबकि पूर्व में भारतीय सेना के इसी तरह से स्ट्राइक पर कुछ विपक्षी दलों ने सरकार से सुबूत मांगे थे। जबकि इस बार सभी राजनीतिक दलों ने सेना की इस कार्रवाई का खुलकर स्वागत किया है और सभी ने सेना की तारीफ की है।

प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज यानी बुधवार 7 मई को 3 बजे कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है। दिल्ली स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर में यह अर्जेंट बैठक बुलाई गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article