पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर पुतिन को गले लगाया स्वागत समारोह के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने एयरपोर्ट पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा और उसकी सराहना की। उन्होंने स्वागत समारोह के हिस्से के रूप में सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर तालियां बजाईं। इसके बाद दोनों राष्ट्राध्यक्ष एक ही गाड़ी से एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। नई दिल्ली में उनके स्वागत में जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं, जो महत्वपूर्ण कूटनीतिक संबंध को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि अपने दोस्त, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत में स्वागत करके बहुत खुशी हुई। गुरुवार की शाम और शुक्रवार को हमारी बातचीत का इंतजार है। भारत-रूस दोस्ती पुरानी और भरोसेमंद है, जिससे हमारे लोगों को बहुत फायदा हुआ है।
दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति पुतिन का विमान लैंड हुआ। पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर पुतिन को गले लगाया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों राष्ट्राध्यक्ष एक ही गाड़ी से एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे।
राष्ट्रपति पुतिन के दौरे को लेकर 7 लोक कल्याण मार्ग को भारत और रूस के झंडों से सजाया गया था। इसके साथ ही खास लाइटिंग से पीएम आवास को सजाया गया था। रात को डिनर पर पीएम मोदी ने व्लादिमीर पुतिन को आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री ने रूस के राष्ट्रपति को अपने आधिकारिक आवास के अंदर ले जाकर स्वागत किया। इसे लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट लिखकर बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की है।
रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने इस यात्रा से पहले राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच डिनर के दौरान होने वाली आगामी बैठक को 'रूसी नेता की यात्रा के प्रमुख बिंदुओं में से एक' बताया। इस दौरान पुतिन, प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
5 दिसंबर को होने वाला 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित हो रहा है।पुतिन की यात्रा से पहले एक बयान में कहा गया, 'यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। इससे राजनीति, व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संस्कृति और मानवीय क्षेत्रों सहित भारत-रूस की विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के पूरे दायरे पर चर्चा करने का मौका मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार होगा। प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक में यही सभी प्रमुख विषय केंद्र में होंगे।'