NDA CM And Deputy-CM Meet in Delhi: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की रविवार को दिल्ली में हुई बैठक में सशस्त्र बलों के पराक्रम और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। सूत्रों ने बताया कि शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा पेश प्रस्ताव में कहा गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारतीयों का आत्मविश्वास बढ़ा है। बैठक में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम शामिल हो रहे हैं।
प्रस्ताव में मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि उन्होंने सशस्त्र बलों का हमेशा समर्थन किया है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवादियों एवं उनके प्रायोजकों को करारा जवाब दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जे पी नड्डा एक दिवसीय सम्मेलन में शामिल हुए। इस बैठक में लगभग 19 मुख्यमंत्री और कई उपमुख्यमंत्री मौजूद थे।
ऑपरेशन सिंदूर सहित कई मुद्दों पर चर्चा
इस कार्यक्रम का आयोजन करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’, जाति आधारित गणना, मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ और सुशासन के मुद्दे बैठक के एजेंडे में रहे। इस सम्मेलन में विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विभिन्न राजग शासित राज्य सरकारों द्वारा अपनाए गए सर्वोत्तम चलन पर केंद्रित रहा। कई मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों की प्रमुख योजनाओं पर प्रस्तुतियां दीं। बैठक में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई।
भाजपा के सुशासन विभाग के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए सशस्त्र बलों और पीएम मोदी को बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा और अगली जनगणना में जाति गणना करने के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की जाएगी।
सहस्रबुद्धे ने कहा, इस सम्मेलन में विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विभिन्न एनडीए राज्य सरकारों द्वारा अपनाई गई नीतियों पर केंद्रित होगा। संबंधित राज्य के सीएम अपनी पहलों पर प्रस्तुतियां देंगे। तमाम नेता मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक दशक और आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ जैसे आगामी कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
बैठक में एनडीए सरकार की पहली वर्षगांठ, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 10 साल पूरे होने और आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ मनाने सहित आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी, जिसे लोकतंत्र हत्या दिवस के रूप में चिह्नित किया गया है।
