देश

दिवाली पर PM मोदी देंगे नौकरियों की गिफ्ट, लॉन्च करेंगे रोजगार मेला; 10 लाख युवाओं का सपना होगा पूरा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 22, 2022, 06:00 AM IST

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह अभियान युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी की निरंतर प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इस दिन पीएम मोदी हजारों युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर देंगे।

Image

दिवाली पर PM मोदी देंगे नौकरियों की गिफ्ट, लॉन्च करेंगे रोजगार मेला; 10 लाख युवाओं का सपना होगा पूरा

पीएम मोदी (PM Modi) दिवाली से पहले धनतेरस के दिन युवाओं को बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। पीएम मोदी शनिवार को रोजगार मेला लॉन्च (Rozgar Mela) करने जा रहे हैं, जिसका लक्ष्य 10 लाख युवाओं को रोजगार देना है। साथ ही इस दिन पीएम मोदी हजारों छात्रों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।

जून में हुई थी घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून में इन पदों पर बहाली की बात कही थी। तब कहा गया था कि पीएम मोदी ने सभी विभागों का जायजा लिया है। जिसके बाद उन्होंने निर्देश दिया है कि आने वाले डेढ़ सालों में मिशन मोड में 10 लाख भर्तियां की जाएं। अब जिस रोजगार मेले को पीएम लॉन्च करने जा रहे हैं, वो इसी घोषणा का हिस्सा बताया जा रहा है।

इतनों को मिलेगी आज नौकरी

इस अभियान के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी 75,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। देश भर से चयनित नई भर्तियां केंद्र सरकार के 38 मंत्रालयों और विभागों में होंगी। ये नियुक्तियां समूह ए, बी और सी स्तरों पर होंगी। जिन पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस समेत अन्य कई पद शामिल हैं। इन शीघ्र भर्ती के लिए, चयन प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है।

मिशन मोड में काम

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार पीएम के निर्देश के बाद सभी मंत्रालय और विभाग मिशन मोड में स्वीकृत पदों पर रिक्तियों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। ये भर्तियां मिशन मोड में मंत्रालयों और विभागों द्वारा या तो स्वयं या फिर यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड सहित भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं।

पीएम करेंगे बात

प्रधानमंत्री जॉब मेले की लॉन्चिंग के समय वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रतिभागियों और आयोजकों को संबोधित करेंगे। इस प्रधानमंत्री नियुक्ति पत्र पाए गए लोगों को बधाई देंगे और भविष्य की चुनौतियों को लेकर उनका मनोबल बढ़ाएंगे।

कहां मिलेंगी नौकरियां

आधिकारिक रिपोर्टों से पता चलता है कि कोविड महामारी के आने से ठीक एक साल पहले मार्च 2019 में हर पांचवां पद खाली था। 2018-19 के लिए केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों पर वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार केंद्र सरकार के कर्मचारियों की कुल संख्या 31.43 लाख थी, जबकि स्वीकृत संख्या 40.66 लाख है। इसमें लगभग 22.69 प्रतिशत पद खाली थे। इन्हीं पदों पर भर्ती करने की तैयारी सरकार कर रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article