देश

'Gen Z बदलेगी भारत की दिशा, डिजिटल इंडिया ने खड़ा किया क्रिएटर्स का नया समुदाय'; युवाओं से बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री के रूप में और अभी प्रधानमंत्री के रूप में मुझे हमेशा युवा पीढ़ी पर बहुत ज्यादा विश्वास रहा है। आपका सामर्थ्य, आपकी प्रतिभा, मैं हमेशा आपकी ऊर्जा से खुद भी ऊर्जा पाता रहा हूं।

पीएम मोदी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को किया संबोधित।

पीएम मोदी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को किया संबोधित।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2026 में भारत की जेन Z को रचनात्मकता से भरपूर बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस डॉयलॉग में देश और विदेश से आए युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत की जेन Z अपार रचनात्मकता से भरी हुई है। हमारे युवा अपने नवाचारी विचारों, ऊर्जा और उद्देश्य के साथ राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी पूर्ववर्ती सरकारों पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि आपने पॉलिसी पैरालिसिस का वह दौर नहीं देखा जब उस समय की सरकार की इसलिए आलोचना होती थी क्योंकि वह समय पर फैसले नहीं लेती थी और जो फैसले होते थे वह जमीन पर ठीक से लागू नहीं होते थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री के रूप में और अभी प्रधानमंत्री के रूप में मुझे हमेशा युवा पीढ़ी पर बहुत ज्यादा विश्वास रहा है। आपका सामर्थ्य, आपकी प्रतिभा, मैं हमेशा आपकी ऊर्जा से खुद भी ऊर्जा पाता रहा हूं।

आजादी के 100 सालों की यात्रा बेहद अहम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2047 में हमारी आज़ादी के 100 साल पूरे होंगे, वहां तक की यात्रा भारत के लिए भी अहम है और यही वह समय है जो आपके जीवन के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। आपका सामर्थ्य भारत का सामर्थ्य बनेगा। आपकी सफलता भारत की सफलता को नई ऊंचाइयां जरूर देगी।

स्वामी विवेकानंद का जीवन हम सभी के लिए प्रेरक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी हर युवा के लिए प्रेरणा है। हमारे जीवन का लक्ष्य क्या है? कैसे हम राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जीवन जीएं, कैसे हमारे हर प्रयास में समाज, देश का हित हो, स्वामी विवेकानंद का जीवन हम सभी के लिए बहुत बड़ा प्रेरक है। स्वामी विवेकानंद का स्मरण करते हुए हर साल 12 जनवरी को हम राष्ट्रीय युवा दिवस मनाते हैं, उन्हीं की प्रेरणा से आज 12 जनवरी को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए चुना गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने यहां जो प्रेज़ेंटेशन रखे वह दिखाता है कि हमारी अमृत पीढ़ी विकसित भारत के निर्माण के लिए कितनी संकल्पित है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि भारत में 'जेन Z' की मिजाज क्या है। भारत का 'जेन Z' कितनी रचनात्मकता से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं को केंद्र में रखकर लगातार कई योजनाएं लागू कीं, जिसके बाद भारत में स्टार्टअप क्रांति ने वास्तविक गति पकड़ी। उन्होंने कहा कि नवाचारी सोच, ऊर्जा और स्पष्ट लक्ष्य के साथ युवा शक्ति देश निर्माण की अग्रिम पंक्ति में खड़ी है।”

पौराणिक कथाओं पर आधारित गेम्स पर फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान डिजिटल इंडिया में युवाओं की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने आज भारत में क्रिएटर्स का एक नया समुदाय खड़ा कर दिया है। भारत आज ऑरेंज इकोनॉमी यानी कल्चर, कंटेंट और क्रिएटिविटी का अभूतपूर्व विकास देख रहा है। हमारी जो कहानियां हैं रामायण, महाभारत बहुत कुछ है, क्या हम उसे गेमिंग की दुनिया में ले जा सकते हैं? पूरी दुनिया में गेमिंग एक बहुत बाजार है। हम अपनी पौराणिक कथाओं को लेकर भी गेमिंग की दुनिया में नए खेल ला सकते हैं।

पूर्ववर्ती सरकारों पर भी बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैंने जब आपसे बातचीत शुरू की तो 2014 का जिक्र किया था, तब आपमें से ज्यादातर युवा 8-10 साल के रहे होंगे। आपने पॉलिसी पैरालिसिस का वह दौर नहीं देखा जब उस समय की सरकार की इसलिए आलोचना होती थी क्योंकि वह समय पर फैसले नहीं लेती थी और जो फैसले होते थे वह ज़मीन पर ठीक से लागू नहीं होते थे... देश का युवा परेशान था... आज ये सारी बातें बहुत असामान्य लगती हैं लेकिन एक दशक पहले तक यही सब कुछ चलता था।

प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ एक राष्ट्रीय मंच है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच संरचित संवाद को बढ़ावा देना है। 9 से 12 जनवरी तक आयोजित इस संवाद में देशभर से विभिन्न स्तरों पर 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में पहुंचे युवा नेताओं का चयन एक कठोर और मेरिट-आधारित तीन-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल क्विज, निबंध प्रतियोगिता और राज्य स्तर पर विज़न प्रेजेंटेशन शामिल थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article