देश

'मोदी-मोदी', 'भारत माता की जय...' के नारों से घाना में PM मोदी का भव्य स्वागत-Video

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर घाना पहुंचे, जिस दौरान वह पश्चिम अफ्रीकी देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे और मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा करेंगे।राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के निमंत्रण पर घाना की यात्रा पर आए मोदी ने यहां पहुंचने पर कोटोका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर सलामी गारद का निरीक्षण किया।

Image

पीएम मोदी घाना दौरा

Photo : Twitter

PM Modi in Ghana: घाना की अपनी ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को पश्चिम अफ्रीकी देश में पहुंचने के कुछ ही समय बाद अकरा के एक होटल में भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। घाना में 15,000 से अधिक की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं। उनमें से कुछ 70 वर्षों से घाना में रह रहे हैं। कुछ परिवार अब घाना में चौथी पीढ़ी के हैं और उनमें से अधिकांश ने घाना की नागरिकता प्राप्त कर ली है।

कई प्रवासी भी बहुराष्ट्रीय कंपनियों और प्रमुख स्थानीय घानाई व्यवसायों के लिए कुशल श्रमिकों के रूप में काम कर रहे हैं। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी होटल पहुंचे, स्थानीय लोगों सहित सैकड़ों लोगों ने 'मोदी-मोदी', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाने शुरू कर दिए।

भव्य स्वागत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी को प्रवासी भारतीयों से बातचीत करते हुए और यहां तक कि एक बच्चे को गोद में लिए हुए भी देखा गया, जो भारतीय परिवार के लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया। इससे पहले, अफ्रीकी देश की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, जो तीन दशक के बाद भारत से घाना की पहली प्रधानमंत्री यात्रा भी थी, घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने कोटोका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत करते हुए इस ऐतिहासिक यात्रा के महत्व को दर्शाया।

प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। साथ ही यह तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा होगी।

मोदी ने प्रस्थान के समय अपने बयान में कहा कि घाना ‘ग्लोबल साउथ’ में एक महत्वपूर्ण साझेदार है तथा अफ्रीकी संघ एवं पश्चिमी अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं विकास साझेदारी के क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खोलने के उद्देश्य से होने वाली वार्ताओं के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, 'हम दोनों लोकतांत्रिक देश हैं। ऐसे में घाना की संसद में संबोधन देना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।' घाना से मोदी तीन से चार जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। अपनी यात्रा के तीसरे चरण में मोदी चार से पांच जुलाई तक अर्जेंटीना का दौरा करेंगे। अपनी यात्रा के चौथे चरण में मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएंगे। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में वह नामीबिया जाएंगे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article