BRICS Summit 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुए। पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए घाना, त्रिनिदाद, टोबैगो, अर्जेंटीना और नामीबिया के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा की शुरूआत घाना से करेंगे। यह अफ्रीकी देश में प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।
यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री घाना के राष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे जिसमें मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जाएगी तथा आर्थिक, ऊर्जा, रक्षा सहयोग और विकास सहयोग साझेदारी के माध्यम से इसे बढ़ाने के लिए आगे के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। विदेश मंत्रालय (एमईए) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने और ईसीओडब्ल्यूएएस (पश्चिमी अफ्रीकी राज्यों का आर्थिक समुदाय) और अफ्रीकी संघ के साथ भारत की भागीदारी को मजबूत करने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी। भारतीय प्रधानमंत्री की घाना यात्रा तीन दशकों के बाद हो रही है।

पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के चौथे चरण में 5 से 8 जुलाई तक ब्राज़ील की यात्रा करेंगे जहां वे 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2025 में भाग लेंगे और उसके बाद दक्षिण अमेरिकी देश की राजकीय यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की ब्राज़ील की चौथी यात्रा होगी। रियो डी जेनेरियो में 17वां ब्रिक्स नेताओं का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शिखर सम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक शासन में सुधार, शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, जलवायु कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य और आर्थिक और वित्तीय मामलों सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

पीएम मोदी
त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को पीएम मोदी करेंगे संबोधित
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 3-4 जुलाई को त्रिनिदाद और टोबैगो (टीएंडटी) की आधिकारिक यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली यात्रा होगी और 1999 के बाद से त्रिनिदाद और टोबैगो में प्रधानमंत्री स्तर की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ वार्ता करेंगे तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने की भी उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की त्रिनिदाद और टोबैगो यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को नई गति प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के तीसरे चरण में 4-5 जुलाई को अर्जेंटीना जाएंगे। धानमंत्री मोदी अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें चल रहे सहयोग की समीक्षा की जाएगी तथा रक्षा, कृषि, खनन, तेल एवं गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार एवं निवेश, तथा लोगों के बीच संबंधों सहित प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
9 जुलाई को नामीबिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी
विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की द्विपक्षीय यात्रा से भारत और अर्जेंटीना के बीच बहुमुखी रणनीतिक साझेदारी और अधिक गहरी होगी। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री मोदी 9 जुलाई को नामीबिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह प्रधानमंत्री की नामीबिया की पहली यात्रा होगी, तथा भारत से नामीबिया की अब तक की तीसरी प्रधानमंत्री यात्रा होगी। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया के संस्थापक पिता और पहले राष्ट्रपति स्वर्गीय सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नामीबिया की संसद को भी संबोधित करेंगे । इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा नामीबिया के साथ भारत के बहुआयामी और गहरे ऐतिहासिक संबंधों की पुनरावृत्ति है।
