प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया। पीएम मोदी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए सर गंगा राम अस्पताल भी गए। वहाां उन्होंने शिबू सोरेन के बेटे और वर्तमान झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर अपनी संवेदना प्रकट की। पीएम मोदी के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु भी अस्पताल पहुंची और शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कीं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का सोमवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से गुर्दे की गंभीर समस्या से पीड़ित थे। पिछले एक महीने से वे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उपचाराधीन थे।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जो लोगों के प्रति अटूट समर्पण के कारण जननेता बने। वे विशेष रूप से जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध थे। उनके निधन से बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।”
तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रांची में कहा कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर शाम करीब चार बजे यहां लाया जाएगा और इसके बाद यह मोराबादी स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा। मंगलवार सुबह 11 बजे उनका पार्थिव शरीर झारखंड विधानसभा लाया जाएगा और फिर रामगढ़ जिले में उनके पैतृक निवास नेमरा ले जाया जाएगा। झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सरकार ने इस अवधि के दौरान अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार के सभी कार्यालय चार और पांच अगस्त को बंद रहेंगे।
आज सुबह हुआ शिबू सोरेन का निधन
शिबू सोरेन का सर गंगा राम अस्पताल के ‘नेफ्रोलॉजी’ विभाग के अध्यक्ष डॉ. ए. के. भल्ला की निगरानी में 19 जून से उपचार किया जा रहा था। डॉ. भल्ला ने बताया कि शिबू सोरेन को सुबह आठ बजकर 56 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टर ने कहा, ‘‘वह गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित थे और उन्हें डेढ़ महीने पहले दौरा भी पड़ा था। वह पिछले एक महीने से जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।’’ अस्पताल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमारी बहु-विषयक चिकित्सा टीम के अथक प्रयासों के बावजूद, शिबू सोरेन का चार अगस्त, 2025 को निधन हो गया। उनके अंतिम सांस लेने के दौरान उनका परिवार उनके पास मौजूद था।’’
