देश

वंदे मातरम के सम्मान पर BJP का बड़ा प्रस्ताव, पार्टी मुख्यालय में नई टीम से मिले PM मोदी, संगठन को दिया जीत का मंत्र

PM Modi Meets New BJP Team: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा बुलाई गई इस पहली बैठक में देश के गौरव 'वंदे मातरम' के सम्मान में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया।

Image

BJP की नई टीम से मिले PM मोदी

Photo : ANI

PM Modi Meets New BJP Team: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय में पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक में हिस्सा लिया और उनके साथ समूह तस्वीर खिंचवाई। बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सांगठनिक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और जनता के साथ जुड़ाव को गहरा करने वाले नए विचारों और दृष्टिकोणों का माध्यम बनती हैं। उन्होंने नई संगठनात्मक टीम और सहयोगियों के साथ हुई इस बातचीत को बेहद शानदार बताया।

पीएम मोदी की यह मौजूदगी उस बैठक के ठीक बाद हुई, जिसमें भाजपा ने भारत के राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के ऐतिहासिक गौरव और सम्मान को लेकर एक बड़ा प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा अपने 1937 के उस फैसले को दोबारा अपनाने की कड़ी आलोचना की, जिसमें कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल पहले दो छंदों को गाने की बात कही गई थी। भाजपा ने स्पष्ट किया कि 'वंदे मातरम' केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति अगाध श्रद्धा, स्वतंत्रता संग्राम का मूल मंत्र और राष्ट्रीय चेतना का अमर प्रतीक है।

वंदे मातरम गायन पर कांग्रेस के फैसले का बीजेपी करेगी विरोध

अपने प्रस्ताव में भाजपा ने कहा कि वह राष्ट्रगीत को दो छंदों तक सीमित करने के कांग्रेस के फैसले का पुरजोर विरोध करेगी और इसके पूरे छह छंदों के सम्मान व विरासत की रक्षा करेगी। पार्टी ने 1950 में संविधान सभा के बयान और 2026 में संसद द्वारा पारित उस कानून को दोहराया, जो वंदे मातरम को 'जन गण मन' के बराबर का वैधानिक दर्जा और सुरक्षा देता है। भाजपा का मानना है कि 1937 का कोई राजनीतिक समझौता संविधान और संसदीय कानून से ऊपर नहीं हो सकता।

देशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी

पार्टी ने इस ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए देशव्यापी अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत युवाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आने वाली पीढ़ी वंदे मातरम के सही इतिहास, इसके अर्थ और स्वतंत्रता संग्राम से इसके गहरे जुड़ाव को समझ सके। भाजपा ने महात्मा गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने वंदे मातरम को साम्राज्यवाद विरोधी और पवित्र राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बताया था।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article