देश

PM Modi Mann Ki Baat: PM मोदी बोले- 21वीं सदी का भारत महिला नेतृत्व के साथ बढ़ रहा आगे, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने देश को एक सूत्र में बांधा

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने साल 2024 में पहली बार अपने रेडियो प्रोग्राम मन की बात कार्यक्रम किया। पीएम मोदी का आज का 'मन की बात' का 109वां एपिसोड था। इसमें पीएम मोदी ने कहा कि मैंने देश के लोगों से आग्रह किया था कि मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक स्वच्छता का अभियान चलाया जाए। मुझे अच्छा लगा कि लाखों लोगों ने इससे जुड़कर अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई की

Image

साल 2024 के पहले 'मन की बात' कार्यक्रम में पीएम मोदी ने राम मंदिर से लेकर इन मुद्दों पर की बात

Photo : Times Now Digital

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने आज मन की बात के 109वां एपिसोड पर देश की जनता को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस साल हमारे संविधान के भी 75 वर्ष हो रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट के भी 75 वर्ष हो रहे हैं। हमारे लोकतंत्र के ये पर्व, मदर ऑफ डेमोक्रेस के रूप में भारत को और सशक्त बनाते हैं। साल 2024 का ये पहला ‘मन की बात’का कार्यक्रम है। अमृतकाल में एक नई उमंग है, नई तरंग है। दो दिन पहले हम सभी देशवासियों ने 75वां गणतंत्र दिवस बहुत धूमधाम से मनाया है।

प्रभु राम का शासन संविधान निर्माताओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे संविधान की मूल प्रति के तीसरे अध्याय में भारत के नागरिकों के मूलभूत अधिकारों का वर्णन किया गया है और ये बहुत दिलचस्प है कि तीसरे अध्याय के प्रारंभ में हमारे संविधान निर्माताओं ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के चित्रों को स्थान दिया था। प्रभु राम का शासन, हमारे संविधान निर्माताओं के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत था और इसलिए 22 जनवरी को अयोध्या में मैंने देव से देश की बात की थी, ‘राम से राष्ट्र’ की बात की थी।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर ने देश के करोड़ों लोगों को मानो एक सूत्र में बांध दिया है। सबकी भावना एक, सबकी भक्ति एक, सबकी बातों में राम, सबके हृदय में राम। 22 जनवरी की शाम को पूरे देश ने रामज्योति जलाई, दिवाली मनाई। इस दौरान देश ने सामूहिकता की शक्ति देखी, जो विकसित भारत के हमारे संकल्पों का भी बहुत बड़ा आधार है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैंने देश के लोगों से आग्रह किया था कि मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक स्वच्छता का अभियान चलाया जाए। मुझे अच्छा लगा कि लाखों लोगों ने इससे जुड़कर अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई की। मेरे प्यारे देशवासियों, इस बार 26 जनवरी की परेड बहुत ही अद्भुत रही, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा परेड में महिला सशक्तिकरण को देखकर हुई, जब कर्त्तव्य पथ पर, केंद्रीय सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस की महिला टुकड़ियों ने कदमताल शुरू किया तो सभी गर्व से भर उठे।

भारत महिला विकास के मंत्र के साथ बढ़ रहा आगे

पीएम मोदी ने कहा इस बार परेड में मार्च करने वाले 20 दस्तों में से 11 दस्ते महिलाओं के ही थे। हमने देखा कि जो झांकी निकली, उसमें भी सभी महिला कलाकार ही थीं। जो सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, उसमें भी करीब डेढ़ हजार बेटियों ने हिस्सा लिया था। DRDO ने जो झांकी निकाली, उसने भी सभी का ध्यान खींचा, उसमें दिखाया गया कि कैसे नारीशक्ति जल-थल-नभ, साइबर और अंतरिक्ष, हर क्षेत्र में देश की सुरक्षा कर रही है। 21वीं सदी का भारत, ऐसे ही महिला नेतृत्व विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा इस बार अर्जुन अवार्ड समारोह में भी जिस एक बात ने लोगों का खूब ध्यान खींचा, वो थी अर्जुन पुरस्कार पाने वाली बेटियां और उनकी जीवन यात्राएं। इस बार 13 महिला एथलीट को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इन महिला एथलीट ने अनेकों बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया और भारत का परचम लहराया। शारीरिक चुनौतियां, आर्थिक चुनौतियां, इन साहसी और प्रतिभावान खिलाड़ियों के आगे टिक नहीं पाई।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज खेलों की दुनिया में भी भारत नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुझे खुशी है कि आज भारत में लगातार ऐसे नए मंच तैयार हो रहे हैं, जिनमें खिलाड़ियों को अपना सामर्थ्य दिखाने का मौका मिल रहा है। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के अंत में कहा कि फरवरी में आपसे फिर एक बार बात होगी। देश के लोगों के सामूहिक प्रयासों से, व्यक्तिगत प्रयासों से कैसे देश आगे बढ़ रहा है, इसी पर हमारा फोकस होगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article