देश

पीएम मोदी का वाराणसी दौरा, ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में हुए शामिल, सीएम योगी और नितिन नवीन भी रहे मौजूद

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं, जहां वे करीब 6300 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

Image

पीएम मोदी का वाराणसी दौरा

Photo : ANI

PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे हैं। इस दौरे को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री (PM Modi in Varanasi) अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को करीब 6300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने वाले हैं। इन परियोजनाओं में कुल 163 योजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य शहर के विकास को और तेज करना है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, फ्लाईओवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

एक सिग्नेचर ब्रिज की रखेंगे नींव

इसके अलावा वे एक सिग्नेचर ब्रिज की नींव भी रखेंगे और दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन योजनाओं से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी भी देखने को मिल रही है। ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम में हजारों महिलाएं शामिल हुईं। इस आयोजन के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें विकास से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा:

"नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद में पारित कराने के लिए यह जिम्मा प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11-12 वर्ष में नारी सुरक्षा के लिए अपने हाथों में लिया था। 2029 तक महिलाओं का वह अधिकार जिसके तहत उन्हें देश की संसद में 33% आरक्षण प्राप्त हो, उसे रोकने की साजिश विपक्ष द्वारा की गई है। उसके खिलाफ देश की आधी आबादी के मन में आक्रोश नजर आ रहा है"। योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने आगे कहा "आज काशी में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रदेश की आधी आबादी और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के विजन का परिणाम है कि हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह नया भारत भौतिक विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हम विकसित भारत की संकल्पना को पूरा कर रहे हैं... हम सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा कहा कि देश में 4 जातियां हैं जिनमें नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता शामिल हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं के जीवन में लाए बदलाव नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के जीवन में जो बदलाव लाए हैं।आज महिलाएं न केवल समाज को जोड़ रही हैं बल्कि निर्णायक नेतृत्व भी प्रदान कर रही हैं। आज जब पूरा हिंदुस्तान महिलाओं को नेतृत्व की भूमिकाओं में देखना चाहता है, तो प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिशा में जो संकल्प लिया है, वे निश्चित रूप से आने वाले समय में इसे पूरा करेंगे।"

काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह के समय तय किया गया है। इसके बाद वे अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे। प्रशासन ने इस पूरे दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी खास ध्यान दिया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के आने की वजह से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। खासकर महिला कार्यक्रम को देखते हुए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है और सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाया गया है। इसके अलावा विशेष सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। कुल मिलाकर अगर कहा जाए तो प्रधानमंत्री का यह दौरा वाराणसी के विकास के लिए अहम माना जा रहा है। इन योजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में राहत मिलेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article