देश

पीएम मोदी ने दी ओलंपिक सिल्वर मेडल विजेता को बधाई, कहा- उत्कृष्टता का साकार रूप हैं नीरज

गत चैंपियन नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

पीएम मोदी ने दी नीरज चोपड़ा को बधाई

Photo : PTI

Paris Olympics 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा है कि वह उत्कृष्टता के साकार रूप हैं। तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने 89 . 45 मीटर का थ्रो फेंककर पेरिस में रजत पदक हासिल किया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का साकार रूप हैं । बार बार उन्होंने अपनी श्रेष्ठता की बानगी दी है । भारत हर्षित है कि उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक में सफलता पाई है। उन्होंने कहा, रजत जीतने पर उन्हें बधाई । वह आने वाले असंख्य एथलीटों को अपने सपने पूरे करने और देश को गौरवान्वित करने के लिये प्रेरित करते रहेंगे।

लगातार दो ओलंपिक पदक जीते

गत चैंपियन नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए लेकिन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक में नये रिकॉर्ड के साथ बाजी मार ली। 26 वर्ष के नीरज का दूसरा थ्रो ही उनका एकमात्र वैध थ्रो रहा जिसमें उन्होंने 89.45 मीटर फेंका जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। इसके अलावा उनके पांचों प्रयास फाउल रहे। उन्होंने तोक्यो में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ पीला तमगा जीता था।

पाकिस्तान के नदीम ने तोड़ा रिकॉर्ड

वहीं नदीम ने नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरा थ्रो ही 92.97 मीटर का लगाया। उन्होंने छठा और आखिरी थ्रो 91 . 79 मीटर का लगाया ।पाकिस्तान का 1992 बार्सीलोना ओलंपिक के बाद यह पहला ओलंपिक पदक है । इससे पहले दस मुकाबलों में नीरज ने हमेशा नदीम को हराया था। पिछला ओलंपिक रिकॉर्ड नॉर्वे के आंद्रियास टी के नाम था जिन्होंने 2008 में बीजिंग खेलों में 90.57 मीटर का थ्रो फेंका था। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

नीरज लगातार दो ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का पदक जीतने वाले तीसरे और ट्रैक और फील्ड के पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए । उनसे पहले पहलवान सुशील कुमार (2008 और 2012) और बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू ( 2016 और 2021 ) यह कारनामा कर चुके हैं। नदीम को हांगझोउ एशियाई खेलों में नीरज से प्रतिस्पर्धा करनी थी लेकिन आखिरी मौके पर चोट के कारण उन्होंने नाम वापिस ले लिया। नीरज ने उन्हें 2018 एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हराया था ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article