Udhay Bhanu Chib Arrested: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री असहमति और सवालों से डरते हैं। पिछले सप्ताह एआई इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस युवा विंग के सदस्यों द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने चिब को गिरफ्तार किया है। इसे लेकर राहुल गांधी से लेकर प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पीएम मोदी को निशाने पर लिया है।
राहुल बोले- अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है
राहुल ने एक्स पर पोस्ट में कहा- शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है। अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।
इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं।
राजधानी के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ी
चिब की गिरफ्तारी के बाद संभावित विरोध प्रदर्शनों की आशंका में पुलिस ने राजधानी के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है। चिब की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का कर्तव्य है कि वह विरोध करे, लेकिन एक तानाशाह इसे कभी नहीं समझेगा। खेड़ा ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आप मेरठ में हाल ही में उस तानाशाह का भाषण सुनेंगे तो आपको पता चल जाएगा कि उसकी डिक्शनरी में लोकतंत्र शब्द का कोई अस्तित्व ही नहीं है।
खेड़ा ने आरोप लगाया, इससे पता चलता है कि नरेंद्र मोदी असहमति और पूछे जा रहे सवालों से डरते हैं। नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे कायर प्रधानमंत्री बनकर उभर रहे हैं। उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है, वे कायर हैं, वे डरे हुए हैं। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि चाहे हम पर कितना भी अत्याचार हो, हम जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे और 'अहिंसा' के सिद्धांत पर लड़ते रहेंगे।
भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में पार्टी के किसान महा चौपाल के लिए भोपाल में मौजूद खेड़ा ने कहा कि चिब और उनके अन्य सहयोगियों को देश के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया जा रहा है। पुलिस ने पिछले शुक्रवार को भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के लिए भारतीय युवा कांग्रेस के सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था, जिनमें से तीन मध्य प्रदेश के ग्वालियर से थे। उनकी पहचान जितेंद्र यादव, राज गुर्जर और अजय कुमार के रूप में हुई है।
इसके अलावा, आईवाईसी के उत्तर प्रदेश महासचिव रितिक उर्फ मोंटी शुक्ला को राज्य के ललितपुर से हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली में अतिरिक्त बल तैनात किया गया
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थानों, विशेष रूप से नई दिल्ली में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां चिब को फिलहाल हिरासत में रखा गया है। महत्वपूर्ण स्थानों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं और दंगा-रोधी टीमें अलर्ट पर हैं।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने फील्ड स्टाफ को निर्देश दिया है कि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
शुक्रवार को आईवाईसी कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शिखर सम्मेलन स्थल के हॉल नंबर 5 के अंदर नाटकीय विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी कमीजें उतारकर ऐसी टी-शर्टें दिखाईं जिन पर सरकार और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपे थे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और कार्यक्रम स्थल में प्रवेश पाने के लिए क्यूआर कोड प्राप्त किए थे। इस घटना ने राजनीतिक खींचतान को जन्म दिया, जहां भाजपा ने इसे वैश्विक मंच पर भारत की छवि धूमिल करने का शर्मनाक कृत्य बताया, वहीं आईवाईसी ने इसे राष्ट्रीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया।
