AI Passengers : बीते चार अगस्त को टर्बुलेंस का सामना करने वाली एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के बारे में चौंकाने वाली बात सामने आई है। सूत्रों का कहना है कि इस विमान का पायलट अपने दूसरे डोप टेस्ट में भी पॉजिटिव मिला है। नागर विमानन मंत्रालय ने रविवार को कहा कि मुख्य पायलट को साइकोएक्टिव पदार्थ की शुरुआती जांच में संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे पुष्टि जांच से गुजरना पड़ा। अब इसकी रिपोर्ट आ गई है। चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयरबस ए-320 उड़ान (संख्या एआई 2379) हवा में उड़ान भरते समय अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गई थी। हालांकि, बाद में इसे नियंत्रित कर लिया गया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया।
कम से कम 17 लोग घायल हुए
टर्बुलेंस की इस घटना में केबिन क्रू के चार सदस्य सहित कम से कम 17 लोग घायल हुए। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) अभी भी इस घटना की जांच कर रहा है। सूत्रों ने सोमवार को कहा कि विमान को कई तकनीकी खामी, हाइड्रोलिक समस्या एवं टर्बुलेंस से गुजरना पड़ा। फ्रांस की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट जांच एजेंसी बीईए और एयरबस की टीमें इस घटना की जांच में एएआईबी का सहयोग करेंगी।
137 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे
साइकोएक्टिव पदार्थ ऐसे रसायनों या पदार्थों को कहा जाता है, जो हमारे दिमाग और तंत्रिका तंत्र पर सीधा असर डालते हैं। विमान में तीन नवजात शिशुओं सहित 137 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे। इससे पहले मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत घटना के बाद उड़ान चालक दल के दोनों सदस्यों की अनिवार्य साइकोएक्टिव पदार्थ की जांच की गई। मुख्य पायलट का नमूना अंतिम पुष्टि के लिए एक तय प्रयोगशाला में भेजा गया है, जिसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।
AAIB कर रहा घटना की जांच
इस घटना को गंभीर श्रेणी में रखा गया है और इसकी जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि जांच और परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ान चालक दल के दोनों सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और अंतिम रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर की जाएगी। इससे पहले दिन में एयर इंडिया ने कहा था कि उसे जानकारी है कि तय नियमों के तहत पायलटों का उड़ान के बाद परीक्षण किया गया था।
नियमित रूप से ड्रग परीक्षण करते हैं-AI
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, 'हालांकि, इस परीक्षण के परिणाम एयर इंडिया के साथ साझा नहीं किए गए हैं। इसलिए हम किसी भी निष्कर्ष पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं।’ एयर इंडिया ने यह भी कहा कि वह किसी विशिष्ट उड़ान या घटना से अलग भी नागर विमानन नियमों के तहत चालक दल के सदस्यों का नियमित ड्रग परीक्षण करती रहती है।
