देश

राहुल गांधी के खिलाफ एक और याचिका मंजूर, अमेरिका में सिखों पर दिया गया बयान बना मुसीबत

राहुल गांधी के खिलाफ वाराणसी में एक याचिका कोर्ट द्वारा स्वीकार कर ली गई है। राहुल गांधी द्वारा सितंबर 2024 में अमेरिका दौरे के दौरान सिखों को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर अदालत में वाद दाखिल किया गया था।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो- PTI)

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विशेष एमपी/एमएलए अदालत ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा सिख समुदाय को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के सिलसिले में दायर याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। यह मामला सितंबर 2024 में राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान उनके द्वारा दिए गए बयान से जुड़ा है, जिसे लेकर विवाद खड़ा हुआ था।

पहले खारिज हो गई थी याचिका

PTI के अनुसार अधिवक्ता विवेक शंकर तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला पहले अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (विशेष एमपी/एमएलए) की अदालत में दायर किया गया था, जहां 28 नवंबर 2024 को सुनवाई के बाद इसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद इस फैसले के खिलाफ सत्र न्यायालय में निगरानी याचिका दाखिल की गई थी।

राहुल गांधी के खिलाफ क्या है आरोप

वाराणसी की अदालत के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट यजुवेन्द्र विक्रम सिंह ने इस निगरानी याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी के बयान से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके अलावा, दावा किया गया है कि खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी राहुल गांधी के इस बयान का समर्थन किया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article