देश

पटना, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और गुवाहाटी हाईकोर्ट को मिले नए चीफ जस्टिस, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जारी किया आदेश

दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विभु बाखरू को अब कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि पटना उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार अब गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे।

Image

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फोटो-@rashtrapatibhvn)

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम द्वारा नामों की सिफारिश किए जाने के लगभग दो महीने बाद, सोमवार को पांच उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा, राजस्थान, त्रिपुरा, झारखंड और मद्रास उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों का भी तबादला कर दिया गया।

किस-किस हाईकोर्ट को मिले चीफ जस्टिस

कानून मंत्रालय की अलग-अलग अधिसूचनाओं के अनुसार, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वह अब तक इसी अदालत के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे। दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विभु बाखरू को अब कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि पटना उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार अब गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे। इसी तरह, पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विपुल मनुभाई पंचोली को उसी अदालत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान अब झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश होंगे।

कहां-कहां हुआ ट्रांसफर

कॉलेजियम ने 26 मई को उनके नामों की सिफारिश की थी। स्थानांतरित किए गए मुख्य न्यायाधीशों में न्यायमूर्ति मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव को राजस्थान से मद्रास उच्च न्यायालय, जबकि न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को त्रिपुरा से तेलंगाना उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया है। मंत्रालय के अनुसार, इसी प्रकार, न्यायमूर्ति एम आर रामचंद्र राव को झारखंड से त्रिपुरा उच्च न्यायालय, जबकि न्यायमूर्ति के आर श्रीराम को मद्रास से राजस्थान उच्च न्यायालय स्थानांतरित किया गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article