देश

एयर स्ट्राइक के बाद घुटनों पर आया पाकिस्तान, पाक रक्षा मंत्री ने कहा- भारत के साथ तनाव ‘खत्म' करने के लिए तैयार

मंगलवार की रात पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया। इन्हीं ठिकानों पर आतंकियों की ट्रेनिंग हो रही थी और यहीं से भारत पर हमले की साजिश रची जा रही थी।

Image

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ (फाइल फोटो)

Photo : AP

पीओके और पाकिस्तान में भारत के द्वारा किए गए एयर स्ट्राइक के बाद अब पाकिस्तान के सुर बदलते दिख रहे हैं। जो पाकिस्तान पहलगाम आतंकी हमले के बाद परमाणु हमले की धमकी दे रहा है अब वो शांति की बात करने लगा है। भारत ने पाकिस्तान में घुसकर 9 आतंकियों ठिकानों पर हमला बोला और सभी हमले सटीक रहे हैं। भारत की एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान में मौजूद दर्जनों आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।

घुटनों पर आया पाकिस्तान

भारत के एयर स्ट्राइक के बाद अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत के साथ तनाव खत्म करने की बात कही है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि अगर नयी दिल्ली नरम रुख अपनाता है तो पाकिस्तान, भारत के साथ तनाव ‘खत्म’ करने के लिए तैयार है। पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों पर भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का यह बयान आया है।

क्या बोले रक्षा रक्षा मंत्री

बातचीत की संभावना को लेकर मंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी संभावित बातचीत के बारे में जानकारी नहीं है। ‘ब्लूमबर्ग टेलीविजन’ ने आसिफ के हवाले से खबर में बताया कि पाकिस्तान केवल तभी जवाब देगा जब उस पर हमला होगा। उन्होंने कहा- ‘‘हम पिछले एक पखवाड़े से लगातार कह रहे हैं कि हम भारत के खिलाफ कभी भी कोई शत्रुतापूर्ण कार्रवाई शुरू नहीं करेंगे। लेकिन अगर हम पर हमला होता है तो हम जवाब देंगे। अगर भारत नरम रुख अपनाता है तो हम निश्चित रूप से इस तनाव को खत्म करेंगे।’’

जैश के चीफ के परिवार के 10 लोग मारे गए

जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने बुधवार को कबूल किया कि बहावलपुर में उसके संगठन के मुख्यालय पर भारतीय मिसाइल हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए हैं। अजहर के हवाले से जारी एक बयान में कहा गया कि बहावलपुर में जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह पर हमले में मारे गए लोगों में जैश सरगना की बड़ी बहन और उसका पति, एक भांजा और उसकी पत्नी, एक भांजी और परिवार के पांच अन्य बच्चे शामिल हैं। बयान में कहा गया कि हमले में अजहर के एक करीबी सहयोगी और उसकी मां तथा दो अन्य करीबी साथियों की भी जान चली गई।

भाषा से इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें