देश

Odisha News: ओडिशा में सरकारी स्कूल का खाना बन गया जहर, 100 से अधिक छात्र बीमार, एक छात्रा की मौत

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 15, 2026, 08:58 AM IST

Odisha School Food: अधिकारियों ने बताया कि 100 से अधिक छात्रों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिनमें से 67 को गंभीर हालत में बारीपाड़ा के पीएमआर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Image

ओडिशा के स्कूल में खाना खाकर बच्चे बीमार (File photo)

Photo : PTI

Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक सरकारी आदिवासी आवासीय विद्यालय में दो दिन पहले भोजन करने के बाद मंगलवार को 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए। इनमें से एक पांचवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माही ने जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि काकाबंधा आश्रम विद्यालय के छात्रों ने रविवार सुबह खाना खाने के बाद बेचैनी महसूस की और बीमार पड़ गए। उनके अभिभावकों का दावा है कि बच्चों ने किण्वित चावल ('पखाला'), मसले हुए आलू और आम की चटनी खाई थी, जिसके बाद उन्हें दस्त और उल्टी होने लगी।

67 छात्रों को भर्ती कराया गया

अधिकारियों ने बताया कि 100 से अधिक छात्रों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिनमें से 67 को गंभीर हालत में बारीपाड़ा के पीएमआर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि पांचवीं कक्षा की छात्रा रूपाली बेसरा को सोमवार को अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। निरंतर चिकित्सा सहायता के बावजूद, मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मयूरभंज जिले की कलेक्टर हेमा कांता साय ने बताया कि फिलहाल, 66 छात्र अस्पताल में इलाज करा रहे हैं, जबकि 41 अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। एक चिकित्सा दल को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जबकि दूसरा दल स्कूल में तैनात है। मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री ने छात्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और केंद्रीय मंडल के राजस्व संभागीय आयुक्त को मृत्यु और बीमारी के कारणों की जांच करने का निर्देश दिया।

मुख्यालय कार्यालय के एक बयान में कहा गया है, आरडीसी बुधवार सुबह रसगोबिंदपुर जाकर घटना की जांच करेंगे। बयान में यह भी कहा गया है कि मांझी ने मृतक के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 3 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। चूंकि एक चिकित्सा दल पहले से ही बीमार छात्रों की देखभाल कर रहा था, माझी ने आईडीएसपी (एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम) के संयुक्त निदेशक और एक अन्य डॉक्टर को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया।

मेनू में बताए गए भोजन के अलावा अन्य भोजन भी परोसा था

जिला कलेक्टर ने बताया कि और भी छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, पुलिस जांच के अलावा, हम एक स्वतंत्र जांच भी कराएंगे, क्योंकि आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने मेनू में बताए गए भोजन के अलावा अन्य भोजन परोसा था। इस घटना के लिए जिम्मेदार शिक्षकों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर ने आगे बताया कि मृतक की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज किया गया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

इस बीच, मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए मुआवजे और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रसगोविंदपुर-जलेश्वर सड़क को जाम कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयंत कुमार पाणिग्राही को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है और सरकार ने मृतक छात्र के परिवार को 7 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। ओडिशा के आवास और शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्रा ने अस्पताल में भर्ती छात्रों से मुलाकात की और उनके अभिभावकों से बात की।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने X पर एक पोस्ट में कहा, बारीपाड़ा स्थित काकीबांधा आश्रम स्कूल में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से एक छात्र की मृत्यु से मैं बहुत दुखी हूं, जहां 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए हैं। यह घोर लापरवाही और गंभीर व्यवस्थागत विफलता की ओर इशारा करता है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें