प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब दौरे के दौरान ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) सहित पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली ₹5,278 करोड़ की तीन बड़ी नेशनल हाईवे परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करना, यात्रा का समय कम करना और क्षेत्रीय विकास को नई गति देना है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी में है। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से विकास परियोजनाओं की यह बड़ी सौगात पंजाब में भाजपा के विकास एजेंडे और युवाओं के लिए नई संभावनाओं का संदेश देने वाली मानी जा रही है।
तीन बड़े हाईवे प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी जिन तीन प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे, उनमें शामिल हैं-
1. जीरकपुर-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे (NH-205A) का उद्घाटन
प्रधानमंत्री 31.23 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले जीरकपुर-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना ₹1,936 करोड़ की लागत से तैयार हुई है और इसके शुरू होने से पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के बीच आवागमन और सुगम होगा।
2. जीरकपुर बाईपास का शिलान्यास
प्रधानमंत्री 19.20 किलोमीटर लंबे छह लेन जीरकपुर बाईपास की आधारशिला भी रखेंगे। ₹1,878 करोड़ की लागत से बनने वाला यह बाईपास शहर के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम करेगा।3. चंडीगढ़ एयरपोर्ट-एयरोसिटी ग्रीनफील्ड हाईवे
इसके अलावा 10.30 किलोमीटर लंबे चंडीगढ़ एयरपोर्ट-एयरोसिटी ग्रीनफील्ड हाईवे (NH-205A एक्सटेंशन) का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना पर ₹1,464 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इससे एयरपोर्ट और एयरोसिटी तक पहुंच पहले से कहीं अधिक आसान और तेज होगी।चंडीगढ़ को मिलेगा ट्रैफिक जाम से बड़ा राहत
वर्तमान में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की ओर जाने वाले हजारों ट्रक और लंबी दूरी के वाहन चंडीगढ़ शहर के बीच से होकर गुजरते हैं। इससे मध्य मार्ग, दक्षिण मार्ग और चंडीगढ़-जीरकपुर मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों पर अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती है।नई हाईवे परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लंबी दूरी का ट्रांजिट ट्रैफिक शहर के बाहर से ही गुजर सकेगा। इससे स्थानीय यातायात और बाहरी वाहनों का अलग-अलग संचालन संभव होगा, जिससे चंडीगढ़ की सड़कों पर दबाव काफी कम हो जाएगा।
यात्रा होगी तेज, अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को कम समय में यात्रा, ट्रैफिक जाम से राहत, सड़क सुरक्षा में सुधार और ईंधन की बचत जैसे कई प्रत्यक्ष लाभ मिलेंगे। साथ ही बेहतर सड़क संपर्क से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच माल परिवहन तेज होगा, लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश को भी नई गति मिलेगी।विकास के साथ चुनावी संदेश
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल बुनियादी ढांचे के विस्तार तक सीमित नहीं माना जा रहा है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा इसे राज्य में विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के अवसरों के अपने विजन के रूप में भी पेश करने की तैयारी में है। ऐसे में 17 जुलाई का यह दौरा राजनीतिक और विकास-दोनों ही दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
