देश

ब्रह्मोस ने पाकिस्तान के हवाई ठिकानों को बर्बाद किया, चीन से उधार ली गई एयर डिफेंस सिस्टम काम नहीं आई, बोले अमित शाह

शाह ने कहा, हमारी वायुसेना ने सटीक हमले किए और पाकिस्तान के कई ऐसे स्थानों पर भारी क्षति पहुंचायी, जिन्हें अभेद्य माना जाता था। जब सीमा सुरक्षा का इतिहास लिखा जाएगा तो ऑपरेशन सिंदूर को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

Image

अमित शाह ने पाकिस्तान पर साधा निशाना

Photo : PTI

BrahMos Destroyed Pakistan Air Bases: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि स्वदेश निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को नष्ट कर दिया, जबकि चीन से उधार ली गई उसकी वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल नहीं हो पाया। शाह ने मेहसाणा में एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अतीत में सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमले पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) तक ही सीमित थे, लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान की सीमा में 100 किलोमीटर तक घुसकर आतंकवादियों और उनके ठिकानों को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि हमारी स्वदेशी रूप से विकसित ब्रह्मोस (सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल प्रणाली) ने पाकिस्तान के हवाई ठिकानों को नष्ट करने का काम किया, पाकिस्तान द्वारा चीन से उधार ली गई वायु रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल नहीं हुआ।

शाह बोले, पाकिस्तान के कई जगहों को भारी नुकसान पहुंचाया

शाह ने कहा, हमारी वायुसेना ने सटीक हमले किए और पाकिस्तान के कई ऐसे स्थानों पर भारी क्षति पहुंचायी, जिन्हें अभेद्य माना जाता था। जब सीमा सुरक्षा का इतिहास लिखा जाएगा तो ऑपरेशन सिंदूर को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किया था। पहलगाम में आतंकवादी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारा गया था। इस अभियान ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई जाती थी और उन्हें निर्देशित किया जाता था।

'ऑपरेशन सिंदूर' ने किया आतंकवादियों का खात्मा

शाह ने कहा, पाकिस्तान पूरी दुनिया को बताता था कि उसके यहां कोई आतंकवादी गतिविधि नहीं होती और भारत पर झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाता था। लेकिन, 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत मिसाइल से आतंकवादियों का खात्मा कर दिया गया और पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब हो गया। उन्होंने कहा कि अगले दिन पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारी आतंकवादियों के जनाजे की नमाज में शामिल हुए, जिससे पाकिस्तानी सेना, पाकिस्तान और आतंकवाद के बीच गठजोड़ उजागर हुआ और पूरी दुनिया को पता चला कि पाकिस्तान आतंकवादियों के अड्डे चलाता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण को याद करते हुए शाह ने कहा, कुछ ही दिनों में नरेन्द्र भाई की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, सेना के पराक्रम, खुफिया एजेंसियों की सटीक जानकारी और सेना की मारक क्षमता ने पाकिस्तान में नौ जगहों पर आतंकी शिविरों को नष्ट करके उन्हें मिट्टी में मिला दिया।

महिलाओं के माथे से सिंदूर मिटाने वाले आतंकियों को करारा जवाब

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं के माथे से सिंदूर मिटाने वाले आतंकवादियों को करारा जवाब दिया है और भारत की सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा में एक नये तरह का इतिहास रचा है। शाह ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में यह स्पष्ट कर दिया था कि सिंधु नदी और खून एकसाथ नहीं बहेंगे। अगर आतंकवाद का खात्मा नहीं हुआ तो सिंधु नदी का एक बूंद पानी भी नहीं मिलेगा। पीएम मोदी ने पाकिस्तान को यह संदेश दिया कि व्यापार और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते और अगर पाकिस्तान आतंकवाद को पनाह देता है तो पूरा व्यापार खत्म हो जाएगा। मोदी ने कहा कि वह पाकिस्तान से बातचीत करने के लिए तैयार हैं, लेकिन बातचीत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने और आतंकवाद को खत्म करने पर केंद्रित होगी। आज भारत के 140 करोड़ लोग हमारे सशस्त्र बलों की वीरता, खुफिया एजेंसियों की सटीकता और नरेन्द्र मोदी की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत को 2047 तक सबसे आगे रखने का काम अपने हाथ में लिया है और पिछले 11 वर्षों में देश के विकास की मजबूत नींव रखी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article