देश

25 मिनट में पाकिस्तान कैसे हिल गया? Operation Sindoor की पूरी टाइमलाइन

Operation Sindoor explained: रात ठीक 1 बजकर 5 मिनट पर भारतीय सेना ने ऑपरेशन की शुरुआत की। इससे पहले कई दिनों तक खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान में मौजूद आतंकी लॉन्च पैड, ट्रेनिंग कैंप और कमांड सेंटर की निगरानी कर रही थीं।

Image

25 मिनट में पाकिस्तान कैसे हिल गया? Operation Sindoor की पूरी टाइमलाइन

Operation Sindoor timeline: भारत के चर्चित सैन्य अभियान 'ऑपरेशन सिंदूर' को एक साल पूरा हो चुका है। पिछले साल 7 मई की रात भारतीय सेना और वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर ऐसा हमला किया था, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया था।

Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा ऑपरेशन सिर्फ 25 मिनट तक चला, लेकिन इतने कम समय में भारत ने 9 आतंकी कैंपों को निशाना बनाकर कम से कम 70 आतंकियों को ढेर कर दिया था। वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि उन 9 आतंकी कैंपों पर हमले के साथ 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया।

1:05 AM- शुरू हुआ 'ऑपरेशन सिंदूर'

रिपोर्ट्स के अनुसार, रात ठीक 1 बजकर 5 मिनट पर भारतीय सेना ने ऑपरेशन की शुरुआत की। इससे पहले कई दिनों तक खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान में मौजूद आतंकी लॉन्च पैड, ट्रेनिंग कैंप और कमांड सेंटर की निगरानी कर रही थीं।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बाद में बताया था कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत को इनपुट मिले थे कि आगे भी बड़े हमलों की तैयारी चल रही है। इसी वजह से कार्रवाई बेहद जरूरी मानी गई।

9 आतंकी कैंप बने निशाना

भारतीय सेना ने जिन ठिकानों को निशाना बनाया, उनमेंलश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े कैंप शामिल बताए गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ टारगेट पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे, जबकि कई PoK में मौजूद थे। सेना ने दावा किया था कि हमले बेहद 'सटीक और सीमित' रखे गए ताकि किसी आम नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठान को नुकसान न पहुंचे।

ब्रह्मोस, SCALP और HAMMER ने मचाई तबाही

India Today और रक्षा सूत्रों की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑपरेशन में BrahMos मिसाइल, SCALP क्रूज मिसाइल और HAMMER प्रिसिजन बमों का इस्तेमाल किया गया। Rafale लड़ाकू विमानों ने इसमें अहम भूमिका निभाई।

भारतीय हमले इतने तेज थे कि पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस सिस्टम प्रतिक्रिया देने में पीछे रह गए। बाद में चीन निर्मित PL-15 मिसाइल के टुकड़े भारतीय इलाके में मिलने के बाद चीन के हथियारों पर भी सवाल उठे।

पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम प्रतिक्रिया देने में पीछे रह गए

पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम प्रतिक्रिया देने में पीछे रह गए

आकाशतीर बना भारत की ढाल

ऑपरेशन के दौरान भारत का AI आधारित एयर डिफेंस नेटवर्क 'आकाशतीर' भी हाई अलर्ट पर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सिस्टम ने ड्रोन और संभावित जवाबी हमलों को ट्रैक करने में बड़ी भूमिका निभाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बाद में इसे भारत की नई युद्ध तकनीक का बड़ा उदाहरण बताया था।

1:30 AM- मिशन पूरा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात 1 बजकर 30 मिनट तक ऑपरेशन का सबसे अहम चरण पूरा हो चुका था। यानी सिर्फ 25 मिनट में भारतीय सेना ने अपने सभी प्राथमिक टारगेट हिट कर लिए थे।

NDTV की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस दौरान करीब 24 मिसाइल स्ट्राइक की गईं और पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचा।

क्यों खास माना गया ऑपरेशन सिंदूर?

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक जवाबी हमला नहीं था, बल्कि भारत की नई सैन्य रणनीति का संकेत भी था। इसमें रियल टाइम इंटेलिजेंस, प्रिसिजन स्ट्राइक, एयर डिफेंस और स्वदेशी तकनीक का जिस तरह इस्तेमाल हुआ, उसने दुनिया को भारत की बदलती सैन्य क्षमता दिखाई। ऑपरेशन की भारतीय सेना ने कुछ सैटेलाइट तस्वीरें और डिटेल्स भी जारी कीं, जिनमें उन आतंकी कैंपों की तस्वीरें शामिल थीं जिन्हें निशाना बनाया गया था।

इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी हमले किए, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। हालांकि, भारतीय सेना ने अधिकांश हमलों को विफल कर दिया। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर हुई बातचीत के बाद 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी और इसके साथ ही संघर्ष समाप्त हो गया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!