PM Modi sindoor sapling : पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग में सिंदूर का पौधा लगाया। पीएम मोदी ने बताया कि कच्छ की महिलाओं ने उन्हें यह पौधा भेंट दिया था। 1971 के युद्ध के दौरान कच्छ में महिलाओं ने बहुत बहादुरी दिखाई थी। महिलाओं ने बेहद कम समय में क्षतिग्रस्त रनवे का मरम्मत करने में अहम भूमिका निभाई थी।
कच्छ की महिलाओं ने भेंट किया था यह पौधा
प्रधानमंत्री ने X पर लिखा, ‘1971 के युद्ध में साहस और पराक्रम की अद्भुत मिसाल पेश करने वाली कच्छ की वीरांगना माताओं-बहनों ने हाल में गुजरात के दौरे पर मुझे सिंदूर का पौधा भेंट किया था। विश्व पर्यावरण दिवस पर आज मुझे उस पौधे को नयी दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास में लगाने का सौभाग्य मिला है।’ प्रधानमंत्री ने इन महिलाओं से वादा किया था कि वह अपने 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर यह पौधा लगाएंगे। मोदी ने कहा, ‘यह पौधा हमारे देश की नारीशक्ति के शौर्य और प्रेरणा का सशक्त प्रतीक बना रहेगा।’
भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले का प्रयास किया
पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में नौ आतंकवादी ढांचों पर सटीक हमले किए थे जिसके बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। भारतीय पक्ष ने हवाई अड्डों, वायु रक्षा प्रणालियों, कमान एवं नियंत्रण केंद्रों और रडार स्थलों सहित कई प्रमुख पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाकर पाकिस्तानी हमलों का कड़ा जवाब दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 10 मई को घोषणा की कि भारत और पाकिस्तान के बीच भूमि, वायु और समुद्र में सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाइयों को रोकने को लेकर सहमति बन गई है।
पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की हत्या की
पहलगाम हमले में आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाने से पहले उनकी धार्मिक पहचान पूछी थी। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। सिंदूर पारंपरिक रूप से विवाहित हिंदू महिलाओं द्वारा लगाया जाता है जिसका भारतीय परंपरा के अनुसार वैवाहिक जीवन में धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मोदी ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि वैश्विक जलवायु की सुरक्षा के लिए प्रत्येक देश को स्वार्थ से ऊपर उठना होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस की विषय वस्तु प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना है और भारत पिछले चार-पांच साल से इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। मोदी ने कहा कि संसाधनों का सोच-समझकर उपयोग करने और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने की वकालत करने वाला ‘मिशन लाइफ’ दुनिया भर में एक जन आंदोलन बन रहा है।
