Lok Sabha Speaker: भारतीय जनता पार्टी सांसद ओम बिरला ही होंगे NDA स्पीकर पद के उम्मीदवार होंगे। इसे लेकर राजनाथ सिंह ने विपक्ष के साथ बातचीत का दौर चलाया जिसमें बिरला के नाम पर शुरुआती सहमति भी बन गई थी। लेकिन डिप्टी स्पीकर पद पर पेच फंस गया। विपक्ष ने मांग की कि ये पद उसे मिलना चाहिए। लेकिन सरकार की तरफ से आश्वासन नहीं मिलने के बाद विपक्ष ने अपना उम्मीदवार उतार दिया। कांग्रेस सांसद के सुरेश ने भी स्पीकर पद को लेकर नामांकन दाखिल किया है।
बिरला ने दाखिल किया नामांकन
ओम बिरला ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। पिछली लोकसभा में भी लोकसभा अध्यक्ष रह चुके बिरला को राजग की तरफ से सर्वसम्मति से उम्मीदवार बनाया गया है। जनता दल (यूनाइटेड) के नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि बिरला का नाम राजग के सभी दलों ने सर्वसम्मति से तय किया और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह भी समर्थन के लिए विपक्ष के पास पहुंचे।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए ललन सिंह ने कहा कि वे उपाध्यक्ष के पद पर तुरंत फैसला चाहते हैं, जबकि राजनाथ सिंह ने अनुरोध किया था कि चयन का समय आने पर सभी को एक साथ बैठना चाहिए और इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सर्वसम्मत उम्मीदवार होना बेहतर होता। उन्होंने शर्तें रखने के लिए विपक्ष की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को शर्तों पर नहीं चलाया जा सकता।
राहुल बोले, विपक्ष देगा समर्थन
इससे पहले राहुल गांधी ने कहा, पीएम ने विपक्ष और सरकार को साथ मिलकर काम करने की बात कही है। आज राजनाथ जी ने स्पीकर पद को लेकर बैठक की और एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने की अपील की। विपक्ष एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करेगा। लेकिन डिप्टी स्पीकर विपक्ष का होना चाहिए। वहीं, अखिलेख यादव ने भी कहा कि डिप्टी-स्पीकर का पद विपक्ष को दिया जाना चाहिए।
बिरला ने की पीएम मोदी से मुलाकात
राजस्थान के कोटा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद ओम बिरला ने दोबारा लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का उम्मीदवार बनाए जाने की खबरों के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यालय में ओम बिरला, अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की। बताया जा रहा है कि एनडीए के घटक दलों की बैठक होगी जिसमें लोकसभा के नए अध्यक्ष के नामांकन पत्र को भरने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
राजनाथ सिंह ने की बात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार देर रात और मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बात की और इस मुद्दे पर विपक्ष का समर्थन मांगा था। सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह ने हालांकि उपाध्यक्ष पद की विपक्ष की मांग पर कोई आश्वासन नहीं दिया। पिछले कार्यकाल में लोकसभा में कोई भी उपाध्यक्ष नहीं था। लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार की ओर से आज नामांकन दाखिल किया जाएगा। खरगे के अलावा राजनाथ सिंह ने आम सहमति बनाने के प्रयासों के तहत द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत अन्य विपक्षी नेताओं से भी बात की। लोकसभा में राजग को स्पष्ट बहुमत है।कांग्रेस ने प्रोटेम स्पीकर पर जताया था ऐतराज
बता दें कि कांग्रेस ने भृर्तहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर बनाने को लेकर विरोध जताते हुए इसे संसदीय मानदंडों का उल्लंघन बताया। कांग्रेस चाहती थी कि उसके सांसद के सुरेश को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाए। कांग्रेस का कहना है कि के सुरेश आठ बार सांसद रह चुके हैं, इसलिए वह सबसे वरिष्ठ हैं जबकि महताब सात बार के ही सांसद हैं। इसका जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि सुरेश 1998 और 2004 में चुनाव हार गए थे जिसकी वजह से उनका मौजूदा कार्यकाल निचले सदन में लगातार चौथा कार्यकाल है।
