देश

तेल-गैस संकट पर केजरीवाल ने PM पर बोला तीखा हमला, पूछा-ईरान पर हमले से 1 दिन पहले इजरायल क्यों गए?

नरेंद्र मोदी को एक कमजोर प्रधानमंत्री होने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि 'शीत युद्ध के समय भी भारत ने किसी का पक्ष नहीं लिया। भारत की नीति गुट-निरपेक्षता की रही है लेकिन आज भारत, अमेरिका का गुलाम और उसका एक उपनिवेश बन गया है।'

Image

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल।

Photo : PTI

Arvind Kejriwal: ईरान युद्ध की वजह से गहराए तेल एवं गैस संकट पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक ने पूछा कि 'ईरान पर हमले से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजराइल क्यों गए और उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू को गले क्यों लगाया? इजरायल के साथ खड़ा होने की क्या जरूरत थी?' केजरीवाल ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का कब्जा है और वह अपने मित्र देशों रूस और चीन के जहाजों को वहां से तेल ले जाने की इजाजत दे रहा है।

भारत को US का गुलाम बना दिया है-केजरीवाल

नरेंद्र मोदी को एक कमजोर प्रधानमंत्री होने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि 'शीत युद्ध के समय भी भारत ने किसी का पक्ष नहीं लिया। भारत की नीति गुट-निरपेक्षता की रही है लेकिन आज भारत, अमेरिका का गुलाम और उसका एक उपनिवेश बन गया है।' केजरीवाल ने पीएम मोदी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हर बात मानने का आरोप लगाया।

पूछा-ट्रंप की हर बात मानने की क्या है मजबूरी?

उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी वही करते हैं जो डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं। अमेरिका ने कहा कि रूस से तेल मत खरीदो, भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया। फिर अमेरिका ने कहा कि रूस से तेल खरीदो तो तेल की खरीद होने लगी। ट्रंप ने भारत पर 18 फीसदी टैरिफ लगाया जबकि अमेरिकी सामानों पर शून्य टैरिफ लगा है। अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील से भारतीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंचा है।' AAP नेता ने कहा कि 'कुछ तो मजबूरी है जिसकी वजह से पीएम मोदी ट्रंप की हर बात मानते हैं।'

एलपीजी की आपूर्ति में किल्लत

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से भारत में एलपीजी की आपूर्ति में किल्लत होने लगी है। कई शहरों में लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। गैस एजेंसी के बाहर लोगों की कतारें नजर आई हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर निशाना साधा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article