देश

Odisha: कटक के S.C.B. अस्पताल में दर्दनाक हादसा, ICU में आग लगने से 10 लोगों की मौत; CM मोहन माझी ने किया हॉस्पिटल का दौरा

ओडिशा के कटक में स्थित एस सी बी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (S.C.B. Medical College and Hospital) के आईसीयू वार्ड में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि बचाव के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गए।

Image

कटक में स्थित एस सी बी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में लगी आग।

Photo : ANI

ओडिशा के कटक में स्थित एस सी बी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (S.C.B. Medical College and Hospital) में सोमवार को आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि बचाव के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। यह अस्पताल कटक शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

कई मरीजों को दूसरे वार्ड में किया गया शिफ्ट

अधिकारियों के मुताबिक आग तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया।

दमकलकर्मियों, अस्पताल स्टाफ, पुलिस और मरीजों के परिजनों की मदद से आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल के अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया। यह अस्पताल ओडिशा का एक बड़ा सरकारी मेडिकल संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं।

सीएम माझी ने किया अस्पताल का दौरा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सुबह अस्पताल का दौरा किया और अस्पताल अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। यहां ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लग गई थी।

मुख्यमंत्री के अनुसार कुल 23 मरीजों को दूसरे वार्डों और आईसीयू में शिफ्ट किया गया। इनमें से सात गंभीर मरीजों की शिफ्टिंग के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने बाद में दम तोड़ दिया। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग: सीएम माझी

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, "आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। ट्रॉमा आईसीयू, उससे सटे आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्ड में 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। इनमें से सात की आग में मौत हो गई। सभी को स्थानांतरित करने के बाद तीन और लोगों की मौत हो गई। चिकित्सा कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने मरीजों को बचाने में अपनी जान जोखिम में डाली; इस दौरान वे भी घायल हो गए और उनका भी इलाज चल रहा है।"

सीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने विभाग को अग्नि सुरक्षा में सुधार करने के निर्देश दिए थे। चालू वित्त वर्ष में हमने इसके लिए 420 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। काम जारी है। अगले वित्त वर्ष में हमने इसके लिए 400 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। मैं इस घटना की न्यायिक जांच का निर्देश दे रहा हूं। घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मरीजों का इलाज दूसरे आईसीयू में चल रहा है।

घटना में हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को ओडिशा के एक अस्पताल में आग लगने की घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में रविवार देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गयी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’ओडिशा के कटक में स्थित एक अस्पताल में भीषण आग लगने से हुई जनहानि से अत्यंत व्यथित हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

भाषा गोला शोभना

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article