Odisha Girl Dies In AIIMS Delhi: ओडिशा पुलिस ने दावा किया है कि 15 वर्षीय लड़की को जलाने की घटना में कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं था, जिसकी एम्स दिल्ली में मौत हो गई है। हालांकि पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी बेटी को आग लगाई थी। 19 जुलाई को पुरी जिले के बलंगा इलाके में अपने घर के पास हुई इस घटना में झुलसने के बाद दिल्ली के एम्स में इलाज करा रही लड़की की शनिवार को मौत हो गई। उसे पहले बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर से राष्ट्रीय राजधानी लाया गया था।
पुलिस ने कहा, इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं
हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि लड़की को आग कैसे लगी। ओडिशा पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, बलंगा घटना में पीड़ित लड़की की मौत की खबर सुनकर हमें गहरा दुख हुआ है। पुलिस ने पूरी ईमानदारी से जांच की है। जांच अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अब तक की जांच के अनुसार, यह स्पष्ट है कि इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल नहीं है। इसलिए, हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस दुखद घड़ी में इस मामले पर कोई भी संवेदनशील टिप्पणी न करें।
लड़की की मां ने 19 जुलाई को बलंगा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उसकी बेटी का तीन लोगों ने अपहरण कर लिया और उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। मामला दर्ज होने के बाद, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। साक्ष्य जुटाने के लिए वैज्ञानिक दल और डॉग स्क्वॉड तैनात किए गए। पुलिस के अनुसार, मामले की जाँच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
मामले का ताजा अपडेट
ओडिशा के पुरी जिले में तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा कथित तौर पर आग लगाई गई 15 वर्षीय लड़की की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। 19 जुलाई की सुबह पुरी जिले में भार्गवी नदी के किनारे तीन अज्ञात लोगों ने लड़की को आग लगा दी थी। वह 70 प्रतिशत तक जल गई थी। उसे दिल्ली एम्स लाया गया था लेकिन इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई। लड़की को 20 जुलाई को एम्स भुवनेश्वर से एम्स दिल्ली स्थानांतरित किया गया था।
परिजनों को लगा सदमा
15 वर्षीय लड़की की मौत से परिजनों को सदमा लगा है। लड़की के चाचा ने कहा, यह बेहद दुखद है। हर कोई निराश है.. वह अच्छी थी, लेकिन वह हमें छोड़कर चली गई। 75 प्रतिशत जल चुकी लड़की को पहले एम्स, भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। उसे 19 जुलाई को एयरलिफ्ट करके एम्स, दिल्ली लाया गया और बर्न्स आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
पिता बोले- मैं किसी से नाराज नहीं हूं
लड़की के पिता ने कहा, मैं किसी पर उंगली नहीं उठाना चाहता। सभी ने मेरी बेटी के लिए प्रार्थना की, चाहे वह किसी भी धर्म का हो। मैं किसी से नाराज नहीं हूं। मेरी बेटी मेरे भाग्य का हिस्सा नहीं थी। मैं किसी को दोष नहीं देना चाहता। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मुझे और मेरे परिवार को राजनीति से दूर रखें... जब तक वह हमारे साथ घर पर थी तब तक सब कुछ ठीक था। मुझे नहीं पता कि यह कैसे हुआ।
